प्रेम विवाह बना जानलेवा, पति ने पत्नी पर किया हंसिए से हमला

SHARE:

सास-ससुर भी मारपीट में शामिल, तीनों पर FIR दर्ज

नवापारा-राजिम -: जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रेम विवाह के कुछ समय बाद ही रिश्तों का खून कर दिया गया। नवविवाहिता पर उसके ही पति ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में आरोपी पति के साथ उसकी मां और पिता भी शामिल थे। गंभीर रूप से घायल महिला को नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है। घटना गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

प्रेम विवाह के बाद बढ़ता गया विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवापारा क्षेत्र के तर्री निवासी पिंटू उर्फ सौरभ देवांगन ने एक युवती से प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ दिन बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। पति पिंटू अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करने लगा। परेशान होकर पीड़िता ने थाने में शिकायत भी दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों के बीच समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन विवाद थमा नहीं।

पैसों की मांग को लेकर हंसिए से किया हमला

शुक्रवार को हुए हमले की वजह भी पैसों की मांग बताई जा रही है। पीड़िता के अनुसार, पति पिंटू लगातार पैसे की मांग कर रहा था और मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट करने लगा। इस दौरान सास गिरजा देवांगन और ससुर ईश्वरी देवांगन ने भी बेटे का साथ देते हुए बहू के साथ मारपीट की। बात बिगड़ने पर पिंटू ने घर में रखे हंसिए से पत्नी पर हमला कर दिया। खून से लथपथ हालत में पीड़िता ने अपने पिता को सूचना दी, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया मामला

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता का बयान दर्ज किया। गोबरा नवापारा थाना पुलिस ने आरोपी पति पिंटू, सास गिरजा और ससुर ईश्वरी देवांगन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296, 3(5), 351(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मामले की बारीकी से जांच कर रही है।

निष्कर्ष:
प्रेम विवाह के बाद भी यदि रिश्तों में सम्मान और समझदारी न हो, तो वह रिश्ता न केवल बर्बाद होता है बल्कि खतरनाक भी बन सकता है। यह मामला इस बात का जीता-जागता उदाहरण है।

 

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment