“कांग्रेस-भाजपा दोनों ने अडानी के लिए जंगल कटवाए, छत्तीसगढ़ को लूटने की होड़” – AAP
रायपुर-: तमनार क्षेत्र में जारी जंगल कटाई के विरोध को लेकर आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस और भाजपा दोनों पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल साहू ने कहा कि भूपेश बघेल को तमनार कटाई पर विरोध करने का नैतिक अधिकार नहीं है, क्योंकि वर्ष 2022 में उन्हीं की सरकार ने हसदेव अरण्य क्षेत्र में 80,000 पेड़ काटने की अनुमति दी थी। साहू ने याद दिलाया कि उस समय आदिवासी समुदाय ने भारी विरोध किया था, लेकिन सरकार ने उनकी आवाज नहीं सुनी और भूपेश बघेल ने आदिवासियों से मिलने तक से इनकार कर दिया था।
जिलाध्यक्ष चमन यादव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और भाजपा दोनों पार्टियाँ पर्यावरण और आदिवासी हितों के बजाय कॉरपोरेट हितों को प्राथमिकता दे रही हैं। उन्होंने कहा, “हसदेव हो या तमनार, दोनों ही मामलों में जंगल कटाई को लेकर दोनों दलों की कथनी और करनी में भारी अंतर है। ये दोनों पार्टियाँ अडानी के गोद में बैठी हैं और छत्तीसगढ़ को लूट रही हैं।”
चमन यादव ने वर्तमान वन मंत्री केदार कश्यप को भी घेरा, यह पूछते हुए कि उन्होंने विपक्ष में रहते हुए जो वादे किए थे – जैसे जंगल नहीं कटने देंगे – क्या अब वे उन्हें निभाएंगे?
युवा जिलाध्यक्ष हरीश कुमार पटेल ने भी दोनों राष्ट्रीय दलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि आदिवासियों की सहमति के फर्जी दस्तावेज बनवाकर, भारी पुलिस बल की तैनाती कर, और पारिस्थितिक संतुलन की अनदेखी करके कांग्रेस और भाजपा ने विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि हसदेव अरण्य में खनन और जंगल कटाई दोनों दलों की मिलीभगत का नतीजा है।
AAP ने स्पष्ट किया कि वह जंगलों, आदिवासी अधिकारों और पर्यावरण संरक्षण के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाएगी और जनता के साथ खड़ी रहेगी।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




