देवभोग के बेलाट नाला में बनेगा उच्च स्तरीय पुल, 36 गांवों के लोगों को आने-जाने में होगी आसानी

SHARE:

थनेश्वर बंजारे

 

गरियाबंद – देवभोग क्षेत्र के 36 गांवों को जोड़ने वाला बहुप्रतीक्षित उच्च स्तरीय पुल अब शीघ्र ही बेलाट नाला पर बनकर तैयार होगा। इस पुल के निर्माण से बारिश के मौसम में लोगों को आवाजाही में होने वाली परेशानी दूर होगी। तेल नदी पर स्थित बेलाट नाला में 90 मीटर लंबा पुल बनाया जाएगा, जिसके लिए शासन से 4 करोड़ 24 लाख रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है और टेंडर प्रक्रिया जारी है।

 

इस कड़ी में कलेक्टर बी.एस. उइके ने आज बेलाट नाला का स्थल निरीक्षण किया और निर्माण कार्य प्रारंभ करने की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि यह पुल लोगों की बहु-वर्षीय मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए उच्च प्राथमिकता पर बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जैसे ही टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होगी और बारिश का मौसम थमेगा, निर्माण कार्य तेजी से प्रारंभ किया जाएगा।

 

बेलाट नाला पर तेज बहाव और रपटे की ऊंचाई कम होने के कारण बरसात में 36 गांवों का संपर्क कट जाता था, जिससे आम जन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। पुल निर्माण से यह समस्या स्थायी रूप से समाप्त हो जाएगी।

 

इसी प्रवास के दौरान कलेक्टर ने ग्राम कुम्हड़ईखुर्द स्थित पूर्व माध्यमिक शाला का औचक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षा 8वीं के बच्चों से बातचीत की, उनके पाठ सुनने के साथ-साथ अधोसंरचना एवं अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने शिक्षकों को बच्चों की समग्र शैक्षणिक और खेलकूद गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ जी.आर. मरकाम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को बेलाट नाला में तेज बहाव के दौरान सतर्कता बरतने और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

 

बेलाट नाला में पुल निर्माण से जहां एक ओर ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी, वहीं देवभोग क्षेत्र का समुचित विकास और संपर्क सुविधा भी सुदृढ़ होगी।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment