परीक्षा परिणाम सुधारने मैदान में उतरे DEO-BEO, शिक्षकों की ली क्लास

SHARE:

देवभोग में विज्ञान, गणित और अंग्रेजी विषय के व्याख्याताओं की समीक्षा बैठक; तीन स्कूलों का निरीक्षण कर विद्यार्थियों को दिए बेहतर प्रदर्शन के टिप्स

थानेश्वर बंजारे

गरियाबंद /देवभोग-: आगामी परीक्षाओं में बेहतर परिणाम लाने के लिए गरियाबंद शिक्षा विभाग ने अभी से कवायद तेज कर दी है। तिमाही परीक्षा परिणामों में सामने आई शैक्षणिक कमियों को दूर करने और विद्यार्थियों का स्तर सुधारने के उद्देश्य से जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर ने 18 नवंबर को देवभोग में विषयवार समीक्षा बैठक ली। बैठक में विज्ञान, गणित और अंग्रेजी विषय के व्याख्याता एवं शिक्षक शामिल हुए। इस दौरान गौरव गरियाबंद के नोडल अधिकारी श्याम चंद्राकर भी मौजूद रहे।

स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय देवभोग में आयोजित बैठक में विकासखंड के सभी हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के विषय शिक्षकों से तिमाही परीक्षा परिणामों की जानकारी ली गई। विषयवार विद्यार्थियों के प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए कमजोर शैक्षणिक स्तर वाले विद्यार्थियों की पहचान, पढ़ाई की रणनीति और आगामी अर्धवार्षिक एवं वार्षिक परीक्षाओं में बेहतर परिणाम लाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। शिक्षकों को नियमित अभ्यास, विषयवार तैयारी और विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई।

बैठक के बाद स्कूलों में पहुंची अधिकारियों की टीम

समीक्षा बैठक को केवल कागजी कवायद तक सीमित न रखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर और विकासखंड शिक्षा अधिकारी नीलांबर कश्यप सीधे स्कूलों के निरीक्षण पर पहुंचे। अधिकारियों ने सेजेस हिंदी माध्यम देवभोग, शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल देवभोग और शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मुंगझर का जायजा लिया। इस दौरान शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी लेने के साथ विद्यार्थियों से सीधा संवाद भी किया।

DEO और BEO ने विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई, समय प्रबंधन और प्रत्येक विषय का व्यवस्थित अभ्यास करने की समझाइश दी। अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा में बेहतर परिणाम के लिए अंतिम समय का इंतजार करने के बजाय अभी से तैयारी शुरू करना जरूरी है। विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में शामिल होने और लगातार मेहनत करने के लिए प्रेरित किया गया।

शिक्षा विभाग की इस पहल को परीक्षा परिणाम सुधारने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों और स्कूलों में किए गए निरीक्षण का असर आगामी अर्धवार्षिक एवं वार्षिक परीक्षा परिणामों में कितना दिखाई देता है।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई