राजिम-छुरा सड़क निर्माण में लापरवाही का अंबार, पांच बाइक गड्ढों में गिरीं

SHARE:

अवैध मुरुम उत्खनन और पेड़ों की कटाई के भी आरोप, पुल-पुलियों की गुणवत्ता पर सवाल; खनिज व वन विभाग की भूमिका संदेह के घेरे में, कलेक्टर से उच्चस्तरीय जांच की मांग।

 

गरियाबंद /छुरा-: राजिम-छुरा सड़क चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य अब सुविधा से ज्यादा विवादों को लेकर चर्चा में है। एक तरफ निर्माणाधीन सड़क पर सुरक्षा इंतजामों के अभाव में तुमगांव के पास एक के बाद एक पांच बाइक गड्ढों में गिर गईं और कई लोग घायल हो गए, वहीं दूसरी तरफ निर्माण में उपयोग हो रही मुरुम के उत्खनन, परिवहन और पेड़ों की कटाई को लेकर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर अवैध मुरुम खनन और बिना अनुमति पेड़ों की कटाई के आरोप लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा निर्माणाधीन पुल-पुलियों की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर इतने बड़े निर्माण कार्य की निगरानी कौन कर रहा है और जिम्मेदार विभागों की नजर इन गतिविधियों पर क्यों नहीं पड़ रही है?

 

सड़क पर हादसे, ठेकेदार की सुरक्षा व्यवस्था नदारद

 

मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे छुरा से लगभग तीन किलोमीटर दूर तुमगांव के पास सड़क के बीच पुल निर्माण के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में एक के बाद एक पांच बाइक जा गिरीं। हादसे में कई लोग घायल हुए, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरा पहुंचाया गया। निर्माण स्थल पर न चेतावनी बोर्ड था, न पर्याप्त बैरिकेडिंग और न ही रात में दिखाई देने वाले सुरक्षा संकेतक। मडेली के पास भी पुल निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे इसी तरह राहगीरों के लिए खतरा बने हुए हैं। यह स्थिति ठेकेदार की कार्यप्रणाली और निर्माण की निगरानी कर रहे अधिकारियों की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े करती है।

 

सड़क निर्माण में अवैध मुरुम का खेल? खनिज विभाग की चुप्पी पर सवाल

 

राजिम-छुरा सड़क चौड़ीकरण में उपयोग की जा रही मुरुम को लेकर भी स्थानीय स्तर पर गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। आरोप है कि मुरुम का उत्खनन और परिवहन बिना जरूरी अनुमति के किया जा रहा है तथा इसका उपयोग सड़क निर्माण सहित अन्य कार्यों में हो रहा है। सामान्य परिस्थितियों में अवैध खनन और परिवहन की शिकायत मिलने पर खनिज विभाग कार्रवाई करता है, लेकिन इस निर्माण कार्य में मुरुम के स्रोत, उत्खनन की वैधता और परिवहन की अनुमति को लेकर अब तक कोई स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक नहीं होने से विभाग की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।

 

आखिर मुरुम कहां से लाई जा रही है? क्या संबंधित ठेकेदार के पास उत्खनन और परिवहन की वैध अनुमति है? यदि अनुमति है तो उसका विवरण सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा? और यदि नियमों का उल्लंघन हो रहा है तो खनिज विभाग अब तक कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा है? क्या बड़े निर्माण कार्य का नाम लेकर नियमों को नजरअंदाज किया जा रहा है? इन सवालों का जवाब संबंधित विभाग को देना चाहिए।

 

बिना वन अनुमति पेड़ों की कटाई के आरोप, वन विभाग की भूमिका पर सवाल

 

मामला केवल मुरुम तक सीमित नहीं है। सड़क चौड़ीकरण के दौरान कई पेड़ों की कटाई किए जाने के भी आरोप हैं। स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं कि क्या पेड़ों की कटाई के लिए वन विभाग अथवा संबंधित सक्षम प्राधिकारी से नियमानुसार अनुमति ली गई थी? यदि अनुमति ली गई है तो उसका विवरण सामने आना चाहिए और यदि बिना अनुमति पेड़ काटे गए हैं तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई होनी चाहिए। विकास कार्य के नाम पर पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी की छूट किसी को नहीं मिल सकती।

 

पुल-पुलियों की गुणवत्ता भी जांच के दायरे में

 

सड़क निर्माण के साथ बनाए जा रहे पुल-पुलियों की गुणवत्ता को लेकर भी शिकायतें उठ रही हैं। निर्माण कार्य में निर्धारित तकनीकी मापदंडों, सामग्री की गुणवत्ता और स्वीकृत डिजाइन का पालन हो रहा है या नहीं, इसकी निष्पक्ष तकनीकी जांच जरूरी है। केवल सड़क का निर्माण पूरा कर देना पर्याप्त नहीं है। निर्माण की मजबूती, गुणवत्ता और सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। ऐसे में संबंधित विभाग के वरिष्ठ तकनीकी अधिकारियों से सभी निर्माणाधीन पुल-पुलियों का निरीक्षण और गुणवत्ता परीक्षण कराया जाना चाहिए।

 

कलेक्टर से जांच और ठेकेदार सहित जिम्मेदार विभागों पर कार्रवाई की मांग

 

अब बड़ा सवाल जिला प्रशासन की भूमिका को लेकर है। क्या खनिज विभाग ने मुरुम के उत्खनन और परिवहन की जांच की है? क्या वन विभाग ने पेड़ों की कटाई की अनुमति और वास्तविक स्थिति का सत्यापन किया है? क्या निर्माण एजेंसी ने सड़क और पुल-पुलियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित प्रक्रिया अपनाई है? यदि सब कुछ नियमों के तहत हो रहा है तो संबंधित दस्तावेज सामने आने चाहिए, अन्यथा जिम्मेदारों पर नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

 

स्थानीय लोगों ने गरियाबंद कलेक्टर से राजिम-छुरा सड़क चौड़ीकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। इसमें मुरुम के स्रोत, उत्खनन और परिवहन की अनुमति, पेड़ों की कटाई, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, पुल-पुलियों के तकनीकी मानकों तथा निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों की अलग-अलग जांच शामिल करने की मांग की गई है। साथ ही दोषी पाए जाने पर ठेकेदार, संबंधित निर्माण एजेंसी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई गई है।

 

सड़क चौड़ीकरण शासन की घोषणा के अनुरूप हो रहा है, लेकिन क्या निर्माण निर्धारित मापदंडों के अनुरूप भी हो रहा है? विकास के नाम पर सरकारी धन खर्च हो रहा है तो उसकी गुणवत्ता, पारदर्शिता और वैधानिकता सुनिश्चित करना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है। हादसों में राहगीर घायल हो रहे हैं, मुरुम के स्रोत पर सवाल हैं, पेड़ों की कटाई को लेकर आरोप हैं और पुल-पुलियों की गुणवत्ता पर शिकायतें हैं। इसके बावजूद यदि संबंधित विभागों की ओर से प्रभावी जांच और कार्रवाई सामने नहीं आती तो जवाबदेही तय होना लाजिमी है।

 

अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इन गंभीर सवालों पर संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराता है या फिर राजिम-छुरा सड़क निर्माण में उठ रहे सवाल फाइलों और आरोपों तक ही सीमित रह जाएंगे। जनता को विकास चाहिए, लेकिन ऐसा विकास नहीं जिसकी कीमत लोगों की जान, पर्यावरण और सरकारी धन की गुणवत्ता से चुकानी पड़े।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई