रेत खदानों में अवैध गतिविधियों पर खनिज विभाग की रहस्यमयी चुप्पी!

SHARE:

सरकड़ा में रात के अंधेरे में हुआ खदान का भूमि पूजन, मालगांव घाट में दिनदहाड़े रेत का अवैध परिवहन जारी; विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल

 

गरियाबंद-: जिले में रेत खदानों के संचालन और अवैध गतिविधियों को लेकर खनिज विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। कहीं रात के अंधेरे में रेत खदान का भूमि पूजन कर खनन गतिविधियां शुरू किए जाने की तस्वीरें सामने आ रही हैं, तो कहीं जिला मुख्यालय से लगे पैरी नदी के मालगांव घाट में खुलेआम रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन जारी है। हैरानी की बात यह है कि इन गतिविधियों के बावजूद जिम्मेदार खनिज विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या जिले में रेत के कारोबार पर खनिज विभाग का नियंत्रण कमजोर पड़ गया है या फिर अवैध गतिविधियों को विभागीय संरक्षण प्राप्त है?

 

जिले के पांडुका थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सरकड़ा में रेत खदान का रात के अंधेरे में भूमि पूजन किए जाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में कुछ लोग रात्रि के समय खदान स्थल पर पूजा-पाठ करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि भूमि पूजन के साथ ही मशीनों के जरिए खनन और रेत परिवहन की शुरुआत भी कर दी गई। तस्वीरों को सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद खदान के आवंटन और संचालन की वैधानिकता को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। चर्चा है कि क्षेत्र के एक रसूखदार व्यक्ति ने संबंधित खदान पट्टेदार से खदान लीज पर ली है। हालांकि खदान संचालन से जुड़े दस्तावेजों और अनुमति की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

 

इस मामले में भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रीतम सिन्हा ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि ग्राम सरकड़ा की रेत खदान का आवंटन शासन के निर्धारित नियमों और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत विधिवत हुआ है, तो फिर रात के अंधेरे में भूमि पूजन करने की आवश्यकता क्यों पड़ी? क्या खदान संचालक के पास शासन की विधिवत अनुमति, पर्यावरणीय स्वीकृति, खनन अनुबंध और अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हैं? उन्होंने पूरे मामले में खनिज विभाग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए मिलीभगत की आशंका जताई और जांच की मांग की है।

 

जिला मुख्यालय के करीब पैरी नदी में भी नहीं थम रहा अवैध कारोबार

 

सरकड़ा का मामला सामने आने के बीच जिला मुख्यालय से लगे मालगांव घाट की तस्वीरें भी खनिज विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। पैरी नदी में रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन लगातार जारी होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टरों के माध्यम से रेत का परिवहन खुलेआम किया जा रहा है। विडंबना यह है कि खनिज विभाग की टीम का इस मार्ग से नियमित आना-जाना होता है, इसके बावजूद कथित अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होना विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है।

 

एक ओर प्रशासन अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई का दावा करता है, वहीं दूसरी ओर जिला मुख्यालय के इतने करीब नदी घाट पर गतिविधियां जारी रहने से निगरानी और जवाबदेही पर प्रश्नचिह्न लग रहा है। सवाल यह भी है कि जब विभागीय अमला इस मार्ग से गुजरता है, तो उसे नदी में चल रही गतिविधियां दिखाई क्यों नहीं देतीं? क्या विभाग केवल शिकायत मिलने पर ही कार्रवाई करता है या फिर जिले के प्रमुख रेत घाटों की नियमित निगरानी की कोई व्यवस्था ही नहीं है?

 

वैधानिक खदानों की आड़ में अवैध गतिविधियां तो नहीं?

 

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिन खदानों का संचालन वैधानिक प्रक्रिया के तहत होना चाहिए, वहां यदि नियमों के उल्लंघन की शिकायतें सामने आ रही हैं, तो इसकी जवाबदेही किसकी होगी? सरकड़ा में रात के अंधेरे में भूमि पूजन और मालगांव घाट में कथित अवैध उत्खनन एवं परिवहन की शिकायतें केवल खनिज विभाग ही नहीं, बल्कि जिला प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती हैं। क्या संबंधित खदानों के दस्तावेजों, सीमांकन, स्वीकृत मात्रा और परिवहन की जांच कराई जाएगी? क्या जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आएगी या फिर हर बार की तरह मामला जांच और आश्वासन तक ही सीमित रह जाएगा?

 

एसडीएम ने जांच का दिया आश्वासन

 

इस संबंध में एसडीएम राजिम नेहा भेड़िया ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में अभी आया है। तहसीलदार से जांच कराकर रिपोर्ट मंगाई जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि प्रशासन की यह जांच वास्तव में अवैध रेत कारोबार पर लगाम लगा पाती है या फिर खनिज विभाग की कथित चुप्पी आगे भी जारी रहती है।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई