NSS शिविर में नशामुक्ति का संदेश, श्रमदान से चमकाया विद्यालय परिसर

SHARE:

दीवारों पर लिखे जागरूकता के नारे, योगाभ्यास और बौद्धिक परिचर्चा के जरिए स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को दिया स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज का संदेश

 

राजिम-: शासकीय राजीव लोचन स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजिम की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा ग्राम देवरी में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के चतुर्थ दिवस पर नशामुक्ति, टीबी जागरूकता, योग और स्वच्छता को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। दिन की शुरुआत सुबह 6 बजे प्रभातफेरी से हुई, जिसमें स्वयंसेवकों ने ‘नशा एवं टीबी मुक्त युवा’ की थीम पर ग्रामीणों को जागरूक किया।

 

प्रभातफेरी के दौरान स्वयंसेवक गुड़ी पारा एवं बजरंग चौक पहुंचे और ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों तथा टीबी जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक किया। इस दौरान जागरूकता गीतों और नारों के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। साथ ही ग्रामीणों को जागरूकता गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया।

 

इसके बाद NSS की पूर्व स्वयंसेविका कविता साहू एवं खुशी दीवाकर ने योगाभ्यास कराया। स्वयंसेवकों ने ताड़ासन, ध्यान मुद्रा सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया। इसके साथ ही सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया। पूर्व स्वयंसेविकाओं ने शिविर के अपने अनुभव साझा करते हुए अनुशासन, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति युवाओं को प्रेरित किया।

 

परियोजना कार्य के तहत स्वयंसेवकों ने अलग-अलग समूहों में बंटकर विद्यालय परिसर एवं गांव में स्वच्छता और जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान घरों की दीवारों पर नशामुक्ति से जुड़े प्रेरणादायक नारे लिखे गए। वहीं विद्यालय की बाउंड्रीवॉल पर रंग-रोगन एवं पेंटिंग का कार्य करते हुए परिसर की साफ-सफाई की गई। सामूहिक श्रमदान के माध्यम से स्वयंसेवकों ने स्वच्छ और सुंदर वातावरण बनाने का संदेश दिया।

 

दोपहर बाद आयोजित बौद्धिक परिचर्चा में दीपक साहू मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने स्वयंसेवकों के साथ सामाजिक, शैक्षणिक एवं समसामयिक विषयों पर विचार साझा किए। उन्होंने युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज बनाने के लिए सबसे पहले स्वयं से शुरुआत करनी होगी, इसके बाद लोगों को जागरूक कर इस अभियान से जोड़ना होगा।

इस तरह शिविर का चतुर्थ दिवस योग, स्वच्छता, श्रमदान और सामाजिक जागरूकता की गतिविधियों के साथ संपन्न हुआ। स्वयंसेवकों ने अपने कार्यों के माध्यम से यह संदेश दिया कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी और सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी हैं।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई