कौन्दकेरा संकुल में 10 से अधिक शिक्षकों के एक साथ स्कूल से संकुल प्राचार्य ने भी की पुष्टि, डीईओ ने दिए जांच के निर्देश
थानेश्वर बंजारे
फिंगेश्वर। सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नियमित अध्यापन के दावों के बीच गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर विकासखंड से शिक्षा व्यवस्था को सवालों के घेरे में खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। संकुल केंद्र कौन्दकेरा के अंतर्गत आने वाले 8 से अधिक स्कूलों के 10 से अधिक शिक्षक बिना उच्च अधिकारियों की अनुमति के सामूहिक रूप से भ्रमण पर चले गए। दिवाली की लंबी छुट्टियों के बाद जब स्कूलों में नियमित पढ़ाई शुरू होनी थी, उसी दौरान शिक्षकों के इस तरह स्कूलों से नदारद रहने का मामला सामने आने से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब भ्रमण पर गए शिक्षकों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने लगीं। बताया जा रहा है कि एक साथ 10 से अधिक शिक्षकों ने अवकाश लिया और पिछले दो दिनों से स्कूलों से अनुपस्थित रहे। हैरानी की बात यह है कि संकुल प्राचार्य ने भी इस बात की पुष्टि की है कि संबंधित शिक्षक बिना उच्च अधिकारियों की अनुमति के भ्रमण पर गए थे।
**कई स्कूलों में पढ़ाई व्यवस्था प्रभावित**
शिक्षकों की सामूहिक गैरहाजिरी का सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ने की बात सामने आ रही है। कई विद्यालयों में शिक्षकों की अनुपस्थिति के चलते अध्यापन व्यवस्था प्रभावित हुई है। कहीं स्कूलों का संचालन उपलब्ध शिक्षकों के भरोसे तो कहीं अतिथि शिक्षकों के सहारे किया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब स्कूलों में शिक्षकों की कमी और विद्यार्थियों के पाठ्यक्रम को समय पर पूरा कराने की चुनौती पहले से मौजूद है, तब एक साथ इतने शिक्षकों का स्कूल से अनुपस्थित रहना किस तरह उचित ठहराया जा सकता है?
**बिना अनुमति स्कूल छोड़ने पर किसकी जवाबदेही?**
शिक्षकों को नियमानुसार अवकाश लेने का अधिकार है, लेकिन सक्षम अधिकारी की स्वीकृति के बिना विद्यालय छोड़कर जाना और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होना गंभीर विषय है। सवाल यह भी है कि क्या संबंधित शिक्षकों ने विधिवत अवकाश आवेदन दिया था? यदि दिया था तो उसे किस स्तर पर स्वीकृति मिली? और यदि बिना अनुमति के भ्रमण पर गए, तो उनकी अनुपस्थिति के दौरान विद्यालयों की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी किसकी थी?
**डीईओ ने दिए जांच के निर्देश**
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के निर्देश दिए हैं। अब विभागीय जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि कितने शिक्षक बिना अनुमति अनुपस्थित रहे, किन-किन विद्यालयों में अध्यापन प्रभावित हुआ और इस पूरे मामले में किन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी बनती है।
**अब कार्रवाई पर टिकी निगाहें**
सरकारी स्कूलों में गरीब और ग्रामीण परिवारों के बच्चे बेहतर शिक्षा की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं। ऐसे में शिक्षकों की सामूहिक गैरहाजिरी और पढ़ाई के प्रभावित होने की स्थिति विभागीय जवाबदेही पर बड़ा सवाल है। आखिर गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा का लक्ष्य केवल आदेशों और कागजी निर्देशों तक सीमित रहेगा या जिम्मेदारों पर कार्रवाई भी होगी?

अब देखना होगा कि जांच के बाद बिना अनुमति स्कूलों से नदारद रहने वाले शिक्षकों पर शिक्षा विभाग क्या कार्रवाई करता है और विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




