राजिम-: शासकीय राजीव लोचन स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजिम की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा ग्राम देवरी में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन 15 नवंबर को जनजागरूकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान स्वयंसेवकों ने नशामुक्ति एवं टीबी मुक्त युवा अभियान के समर्थन में जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को नशे से दूर रहने और टीबी जैसी गंभीर बीमारी के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
शिविर की शुरुआत सुबह 5 बजे स्वयंसेवकों के जागरण से हुई। इसके बाद स्वयंसेवकों ने ग्राम भ्रमण कर जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान किया गया। इसके पश्चात योगाभ्यास के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
परियोजना कार्य के अंतर्गत स्वयंसेवकों ने गांव में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई कर ग्रामीणों को स्वच्छता का महत्व समझाया गया तथा बीमारियों से बचाव के लिए स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की अपील की गई।
दोपहर में आयोजित बौद्धिक परिचर्चा में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. सत्यम कुंभकार, सहायक प्राध्यापक एवं राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी, शासकीय वीर सुरेंद्र साय महाविद्यालय गरियाबंद तथा उनकी धर्मपत्नी श्रीमती रूप कुंभकार उपस्थित रहीं। वहीं महाविद्यालय के पूर्व NSS स्वयंसेवक धर्मराज साहू भी विशेष रूप से शामिल हुए। अतिथियों ने स्वयंसेवकों को बैंकिंग क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। साथ ही युवाओं को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने, आत्मनिर्भर बनने और समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के NSS कार्यक्रम अधिकारी श्री आकाश बघमरे ने स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए सात दिवसीय शिविर के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने समाज सेवा, अनुशासन, स्वच्छता और जनजागरूकता को राष्ट्रीय सेवा योजना की मूल भावना बताते हुए स्वयंसेवकों को सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
सात दिवसीय विशेष शिविर के माध्यम से NSS स्वयंसेवक ग्राम देवरी में विभिन्न रचनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों के जरिए ग्रामीणों को जागरूक करने के साथ ही सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने में जुटे हुए हैं।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




