वेतन का 2% बच्चों की शिक्षा और शाला विकास को समर्पित – प्रधान अध्यापक पूर्णिमा गेड़ाम

SHARE:

वेतन का 2% बच्चों की शिक्षा और शाला विकास को समर्पित – प्रधान अध्यापक पूर्णिमा गेड़ाम

‘सेवा संकल्प’ के तहत अनूठी पहल, बोलीं—राशि से नहीं, भावना से बड़ा होता है योगदान

कांकेर-: शिक्षा और शाला विकास के लिए एक प्रेरणादायी पहल सामने आई है। प्राथमिक शाला माटवाड़ा लाल पटेलपारा की प्रधान अध्यापक श्रीमती पूर्णिमा गेड़ाम ने ‘सेवा संकल्प’ कार्यक्रम के अवसर पर अपने मासिक वेतन का 2 प्रतिशत शाला विकास एवं बच्चों की शिक्षा के लिए समर्पित करने का संकल्प लिया है।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ‘सेवा संकल्प का एक दिया—बच्चों की शिक्षा और शाला विकास के लिए’ जलाकर यह संकल्प लिया। इस अवसर पर शाला विकास प्रबंधन समिति, ग्राम सरपंच, उपसरपंच, पंचगण, गणमान्य नागरिक, पालकगण, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

प्रधान अध्यापक पूर्णिमा गेड़ाम ने कहा कि देश और समाज के विकास में प्रत्येक व्यक्ति अपनी सामर्थ्य के अनुसार योगदान दे सकता है। योगदान कितना बड़ा है, इससे अधिक महत्वपूर्ण उसकी भावना है। शिक्षा के क्षेत्र में किया गया छोटा-सा सहयोग भी किसी बच्चे के भविष्य को बेहतर दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

उन्होंने समाज के लोगों से भी आह्वान करते हुए कहा कि जिसके पास धन है, वह धन से; जिसके पास समय है, वह समय से और जिसके पास ज्ञान एवं कौशल है, वह अपनी क्षमता के माध्यम से बच्चों की शिक्षा तथा शाला विकास में सहयोग करे।

उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति का छोटा प्रयास भी दूसरों के लिए प्रेरणा बन सकता है। जब समाज के लोग इसी भावना के साथ आगे आते हैं तो ऐसे प्रयास मिलकर शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव की मजबूत नींव तैयार करते हैं।

प्रधान अध्यापक पूर्णिमा गेड़ाम का यह संकल्प न केवल शाला विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है, बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी बच्चों की शिक्षा के लिए अपनी सामर्थ्य के अनुसार योगदान देने की प्रेरणा देता है।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment