शौच के लिए जंगल गए युवक पर मादा भालू का हमला, रेंजर सुशील सागर की तत्परता से बची जान

SHARE:

शौच के लिए जंगल गए युवक पर मादा भालू का हमला, रेंजर सुशील सागर की तत्परता से बची जान

मैनपुर। ध्रुवागुड़ी पेट्रोल पंप से लगे जंगल में गुरुवार सुबह करीब 7 बजे शौच के लिए गए ग्राम कालीमाटी निवासी जनार्दन मांझी पर मादा भालू ने अचानक हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर, शरीर और बाएं कंधे पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल युवक ने साहस दिखाते हुए किसी तरह भालू से बचकर मुख्य मार्ग तक पहुंचकर अपनी जान बचाई।

दो शावकों के साथ विचरण कर रही थी मादा भालू, अचानक युवक पर किया हमला

बताया जा रहा है कि जिस मादा भालू ने युवक पर हमला किया, वह इन दिनों अपने दो शावकों के साथ जंगल क्षेत्र में विचरण कर रही है। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, शावकों के आसपास मादा भालू काफी सतर्क और आक्रामक हो सकती है। ऐसे में जंगल में अचानक उसके करीब पहुंचना ग्रामीणों के लिए बेहद जोखिम भरा साबित हो सकता है।

घटना के बाद वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है और जंगल क्षेत्र में अकेले जाने से बचने की सलाह दी है।

रेंजर सुशील कुमार सागर की तत्परता आई काम

घटना की सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी सुशील कुमार सागर तत्काल सक्रिय हुए। उन्होंने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर घायल युवक की स्थिति संभाली और अपनी विभागीय गाड़ी से उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) देवभोग पहुंचाया।

रेंजर की इस त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील पहल से घायल को समय पर उपचार मिल सका। उनकी तत्परता की क्षेत्र में सराहना हो रही है

वन विभाग ने दी तत्काल राहत, मुआवजा प्रकरण की प्रक्रिया शुरू

वन विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत राशि उपलब्ध कराई गई है। साथ ही परिजनों को नियमानुसार मुआवजा प्रकरण तैयार करने के लिए आवश्यक आवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया है।

विभाग ने बताया कि घायल युवक के उपचार से संबंधित खर्च नियमानुसार मुआवजा मद से वहन किए जाने की प्रक्रिया की जाएगी।

एक सप्ताह पहले ही कराई गई थी मुनादी

गौरतलब है कि क्षेत्र में वन्यजीवों की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए वन विभाग द्वारा करीब एक सप्ताह पहले आसपास के गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क किया गया था। ग्रामीणों से जंगल की ओर अकेले नहीं जाने और वन्यजीवों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई थी।

ताजा घटना के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगल क्षेत्र में विशेष सावधानी बरतें, अकेले न जाएं और मादा भालू तथा उसके शावकों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment