निलंबित सचिव को ‘बेस्ट सचिव’ अवार्ड, जनपद पंचायत फिंगेश्वर की कार्यशैली पर गंभीर सवाल

SHARE:

निलंबित सचिव को ‘बेस्ट सचिव’ अवार्ड, जनपद पंचायत फिंगेश्वर की कार्यशैली पर गंभीर सवाल

जनप्रतिनिधियों की जानकारी के बिना चयन का आरोप, “अपने मनचाहे लोगों को सम्मान देने” के सवाल पर घिरा जनपद प्रशासन

गरियाबंद /फिंगेश्वर-:जनपद पंचायत फिंगेश्वर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिए गए ‘बेस्ट सचिव’ सम्मान को लेकर विवाद अब और गहराता जा रहा है। जिस सचिव कोमल राम साहू के खिलाफ विभागीय आदेश के तहत सुशासन तिहार के दौरान प्रोटोकॉल उल्लंघन के मामले में निलंबन की कार्रवाई की गई थी, उसी सचिव को अब ‘बेस्ट सचिव’ का सम्मान दिए जाने से जनपद पंचायत फिंगेश्वर की चयन प्रक्रिया और कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

जिला पंचायत गरियाबंद के आदेश में उल्लेख है कि 11 मई 2026 को ग्राम पंचायत पोखरा में आयोजित सुशासन तिहार-2026 के दौरान कोमल राम साहू द्वारा प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में मंच संचालन के दौरान विभागीय प्रोटोकॉल के पालन में चूक की गई थी। आदेश में इसे पंचायत सेवा नियमों के विपरीत बताते हुए कोमल राम साहू को निलंबित किया गया था।

ऐसे में सवाल यह है कि जिस सचिव के खिलाफ विभागीय स्तर पर कार्रवाई हुई, उसी को कुछ समय बाद ‘बेस्ट सचिव’ के सम्मान के लिए किस आधार पर योग्य माना गया? क्या सम्मान देने से पहले संबंधित सचिव की विभागीय कार्रवाई और सेवा रिकॉर्ड का परीक्षण किया गया था?

अपने मनचाहे लोगों को सम्मान देने का आरोप

मामले को लेकर अब जनपद पंचायत फिंगेश्वर के खिलाफ आरोप भी सामने आने लगे हैं कि इस बार सम्मान के लिए निष्पक्ष प्रक्रिया अपनाने के बजाय अपने मनचाहे व्यक्तियों को प्राथमिकता देकर पुरस्कार दिए गए। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है, लेकिन जनपद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष द्वारा चयन प्रक्रिया की जानकारी नहीं होने की बात सामने आने के बाद इन सवालों को बल जरूर मिला है।

जनपद पंचायत फिंगेश्वर की अध्यक्ष श्रीमती इन्द्राणी नेहरू साहू ने स्पष्ट रूप से कहा कि प्रतिवर्ष जनपद के कर्मचारियों को सम्मानित किया जाता है और जनप्रतिनिधियों से भी सलाह ली जाती है, लेकिन इस बार उनकी जानकारी के बिना ही सचिवों का चयन किया गया। अध्यक्ष के मुताबिक, इस कार्यक्रम की जानकारी भी उन्हें नहीं थी।

वहीं जनपद पंचायत फिंगेश्वर के उपाध्यक्ष सतीश यादव ने भी चयन प्रक्रिया से अनभिज्ञता जताई है। यदि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष जैसे निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को ही चयन की जानकारी नहीं थी, तो फिर सवाल उठना लाजिमी है कि चयन की पूरी प्रक्रिया किस स्तर पर तय की गई?

क्या ईमानदारी से काम करने वाले सचिवों के साथ हुआ अन्याय?

जनपद पंचायत फिंगेश्वर क्षेत्र में ऐसे अनेक सचिव हैं जो लंबे समय से पंचायतों में जिम्मेदारी और ईमानदारी से काम कर रहे हैं। कई सचिवों के पास एक से अधिक पंचायतों का प्रभार होने के बावजूद वे लगातार अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।

ऐसे में अन्य सचिवों के बीच यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या सभी सचिवों के काम का समान और निष्पक्ष मूल्यांकन किया गया था, या फिर कुछ चुनिंदा लोगों को ही प्राथमिकता दी गई? यदि पुरस्कार वास्तव में उत्कृष्ट कार्य के आधार पर दिया गया है, तो जनपद पंचायत को चयन के मापदंड सार्वजनिक करने चाहिए।

सीईओ अर्जुन सिंह की सफाई

मामले में जनपद पंचायत फिंगेश्वर के सीईओ अर्जुन सिंह का कहना है कि सचिव के खिलाफ पूर्व में हुई विभागीय कार्रवाई अलग विषय है, जबकि उनके कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों को देखते हुए उन्हें सम्मानित किया गया है।

लेकिन सीईओ के इस तर्क के बाद भी सवाल बरकरार है कि यदि चयन केवल कार्यों के आधार पर किया गया था, तो क्या सभी सचिवों के कार्यों का लिखित मूल्यांकन किया गया? क्या कोई चयन समिति बनाई गई थी? क्या जनप्रतिनिधियों से राय ली गई? और चयन के लिए अंक अथवा निर्धारित मापदंड क्या थे?

विभागीय कार्रवाई बनाम ‘बेस्ट सचिव’ का सम्मान

एक तरफ जिला पंचायत गरियाबंद के विभागीय आदेश में कोमल राम साहू के निलंबन का स्पष्ट उल्लेख है, वहीं दूसरी ओर जनपद पंचायत फिंगेश्वर द्वारा उन्हें ‘बेस्ट सचिव’ का सम्मान दिया जाना पूरे मामले को असामान्य बना रहा है।

अब सवाल सिर्फ एक सचिव को मिले पुरस्कार तक सीमित नहीं है, बल्कि जनपद पंचायत फिंगेश्वर की पूरी चयन प्रक्रिया, पारदर्शिता और निष्पक्षता पर उठ रहा है। यदि जनपद प्रशासन का दावा है कि सम्मान पूरी तरह उत्कृष्ट कार्य के आधार पर दिया गया, तो उसे चयन के मापदंड और मूल्यांकन प्रक्रिया सार्वजनिक कर इस विवाद पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

क्या यह वास्तव में उत्कृष्ट कार्य का सम्मान है या फिर अपने मनचाहे लोगों को सम्मानित करने की प्रक्रिया? यही सवाल अब फिंगेश्वर जनपद पंचायत क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment