शिक्षा के मंदिर में ‘दबंगई’! 12वीं के छात्रों से मारपीट का आरोप, छुईहा स्कूल में मचा हड़कंप
गरियाबंद /फिंगेश्वर-: शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छुइहा में कक्षा 12वीं के छात्रों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। प्रभारी प्राचार्य महेंद्र साहू पर छात्रों को डांट-फटकार लगाने के साथ हाथ से मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना के बाद आक्रोशित छात्रों ने ग्राम छुईहा के सरपंच एवं स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष गजेश्वर सिन्हा के निवास पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की।
मामले की सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विद्यालय पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ कथित मारपीट की घटना की निंदा करते हुए इसकी शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी से की।
*शिकायत पर स्कूल पहुंचे बीईओ*
छात्रों की शिकायत के बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी हेमंत साहू विद्यालय पहुंचे। उन्होंने प्रभारी प्राचार्य सहित संबंधित पक्षों से घटनाक्रम की जानकारी ली। पूछताछ के दौरान प्रभारी प्राचार्य द्वारा छात्रों को अनुशासन में रखने के दौरान डांटने और मारने की बात स्वीकार किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि मामले में विभागीय जांच जारी है।
बीईओ हेमंत साहू ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए गए हैं। प्रकरण को जिला शिक्षा अधिकारी, गरियाबंद को भेजा जाएगा और वहां से मिले मार्गदर्शन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
*परीक्षा सिर पर, कार्रवाई के डर से सहमे छात्र*
घटना के बाद कक्षा 12वीं के छात्र सहमे हुए बताए जा रहे हैं। छात्रों का कहना है कि सालभर की पढ़ाई और आगामी परीक्षाओं को देखते हुए वे ऐसी किसी कार्रवाई के पक्ष में नहीं हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो। दूसरी ओर विद्यार्थियों के साथ कथित मारपीट को लेकर पालकों में भी नाराजगी बताई जा रही है।
*सप्ताहभर पहले भी उठे थे सवाल*
बताया जा रहा है कि करीब सप्ताहभर पहले भी प्रभारी प्राचार्य महेंद्र साहू के खिलाफ आर्थिक अनियमितता और विद्यार्थियों से दुर्व्यवहार से संबंधित शिकायतें सामने आई थीं। मामले की जांच के लिए जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा पांच सदस्यीय टीम गठित किए जाने की बात सामने आई है। ऐसे में अब छात्रों से कथित मारपीट का नया मामला सामने आने के बाद प्रभारी प्राचार्य की कार्यप्रणाली पर फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
*जांच रिपोर्ट पर टिकी नजर*
फिलहाल शिक्षा विभाग ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर प्रकरण को जिला शिक्षा अधिकारी के समक्ष भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब जांच रिपोर्ट और विभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन के बाद ही स्पष्ट होगा कि मामले में क्या कार्रवाई होती है।
शिक्षा के मंदिर में विद्यार्थियों के साथ कथित मारपीट के आरोप ने पूरे मामले को गरमा दिया है। अब नजर शिक्षा विभाग की जांच और कार्रवाई पर टिकी है।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




