नगर पंचायत कोपरा के जल आवर्धन योजना के लिए 20 करोड़ 35 लाख रुपए की मिली स्वीकृति, पेयजल संकट होगा हमेशा के लिए दूर
राजिम/कोपरा। राजिम विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत कोपरा के निवासियों को राज्य सरकार ने बड़ी सौगात दी है। नगर में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए राज्य शासन ने जल आवर्धन योजना के तहत 20 करोड़ 35 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इस बहुप्रतीक्षित योजना की मंजूरी से नगरवासियों में खुशी की लहर है।

योजना के क्रियान्वयन के बाद नगर पंचायत कोपरा के प्रत्येक घर तक नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। इससे गर्मी के मौसम में होने वाली पानी की किल्लत से लोगों को स्थायी राहत मिलेगी। इस उपलब्धि पर क्षेत्रीय विधायक रोहित साहू और नगर पंचायत अध्यक्ष रूपनारायण साहू ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया है।
उल्लेखनीय है कि कुछ माह पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव नगर पंचायत कोपरा में विभिन्न विकास कार्यों तथा नवनिर्मित अटल परिसर के लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे थे। उसी दौरान विधायक रोहित साहू ने नगरवासियों की मांग पर जल आवर्धन योजना की स्वीकृति का आग्रह किया था, जिसकी घोषणा उपमुख्यमंत्री ने मंच से की थी। अब उस घोषणा को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है।
इस अवसर पर विधायक रोहित साहू ने कहा कि नगर पंचायत कोपरा में स्वच्छ पेयजल की सुचारू व्यवस्था क्षेत्र की जनता की प्रमुख मांग थी। 20 करोड़ 35 लाख रुपए की इस योजना की स्वीकृति से नगरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार विकास और सुशासन के संकल्प के साथ कार्य कर रही है तथा बहुत जल्द योजना का भूमिपूजन कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष रूपनारायण साहू ने कहा कि यह नगर पंचायत कोपरा के इतिहास का स्वर्णिम दिन है। पानी की समस्या नगर की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक थी, जिसका समाधान अब संभव हो सकेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव तथा विधायक रोहित साहू के प्रयासों के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
जल आवर्धन योजना के तहत नगर में नई पानी टंकियों का निर्माण, पाइपलाइन का विस्तार तथा जल शुद्धिकरण संयंत्र की स्थापना की जाएगी। प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी और इसके पश्चात निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर प्रारंभ किए जाने की संभावना है।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




