स्वामी आत्मानंद स्कूलों में किताबों की भारी अव्यवस्था, कहीं मांग से ज्यादा तो कहीं अब तक नहीं पहुंचीं पुस्तकें

SHARE:

स्वामी आत्मानंद स्कूलों में किताबों की भारी अव्यवस्था, कहीं मांग से ज्यादा तो कहीं अब तक नहीं पहुंचीं पुस्तकें

गरियाबंद-:नया शैक्षणिक सत्र शुरू हुए एक सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन गरियाबंद जिले के कई स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में अब तक विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें नहीं मिल पाई हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और पालकों में भी नाराजगी बढ़ रही है।

जिला स्तर पर उपलब्ध कराई गई पुस्तक वितरण की जानकारी से स्थिति और भी चिंताजनक नजर आती है। 22 जून 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार कक्षा 9वीं-10वीं के लिए कई विकासखंडों में मांग से अधिक पुस्तकें प्राप्त हो चुकी हैं।

फिंगेश्वर में 26,957 पुस्तकों की मांग के विरुद्ध 31,990 पुस्तकें प्राप्त हुई हैं, जबकि छुरा में 20,582 के मुकाबले 23,582, गरियाबंद में 16,160 के मुकाबले 19,136 तथा देवभोग में 15,582 के मुकाबले 16,770 पुस्तकें पहुंच चुकी हैं। जिले में कुल 1,02,720 पुस्तकों की मांग के विरुद्ध 1,15,371 पुस्तकें प्राप्त होने का उल्लेख है।

इसके बावजूद कक्षा 1 से 8वीं तक की पुस्तकों की स्थिति पूरी तरह संतोषजनक नहीं है। विभागीय जानकारी के अनुसार छुरा, फिंगेश्वर और मैनपुर विकासखंडों में प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक कक्षाओं की पुस्तकें अब तक नहीं पहुंची हैं। ऐसे में इन क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बिना किताबों के ही पढ़ाई करनी पड़ रही है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब जिले में कई स्थानों पर मांग से अधिक पुस्तकें उपलब्ध हैं, तब दूसरी ओर अनेक स्कूलों के बच्चे अब भी किताबों का इंतजार क्यों कर रहे हैं?

पुस्तक वितरण व्यवस्था में समन्वय की कमी और वितरण प्रक्रिया की धीमी गति के कारण विद्यार्थियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

शिक्षकों का कहना है कि बिना पाठ्यपुस्तकों के नियमित अध्यापन प्रभावित हो रहा है। वहीं अभिभावकों का मानना है कि सत्र की शुरुआत में ही इस प्रकार की लापरवाही बच्चों के शैक्षणिक भविष्य के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है।

इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी गरियाबंद राजेश चंद्राकर ने बताया कि कुछ विकासखंडों में पुस्तकें पहुंच चुकी हैं, जबकि कुछ स्थानों पर पुस्तकों की खेप पहुंचना अभी बाकी है। विभाग द्वारा जल्द ही सभी विद्यालयों तक पुस्तकें उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।

फिलहाल जिले के हजारों विद्यार्थी इस उम्मीद में हैं कि उन्हें जल्द से जल्द पाठ्यपुस्तकें मिलें ताकि नए सत्र की पढ़ाई सुचारू रूप से शुरू हो सके। शिक्षा विभाग के लिए अब सबसे बड़ी चुनौती यह है कि जहां पुस्तकें उपलब्ध हैं वहां उनका शीघ्र वितरण हो और जिन विकासखंडों में अब तक पुस्तकें नहीं पहुंची हैं, वहां तत्काल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment