हर गरीब को मिलेगा पक्का मकान: आवास प्लस 2.0 सर्वे के लिए मैदान में उतरे विधायक रोहित साहू

SHARE:

राजिम। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत क्षेत्र के किसी भी पात्र परिवार को पक्के मकान से वंचित न रहने देने के उद्देश्य से राजिम विधायक रोहित साहू सक्रिय हो गए हैं। 24 जून से शुरू हो रहे आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण को लेकर उन्होंने क्षेत्र की जनता से ग्राम सभाओं में पहुंचकर सूची का अवलोकन करने, छूटे हुए पात्र परिवारों का नाम जुड़वाने तथा दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अपील की है।

 

विधायक रोहित साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप प्रत्येक आवासहीन गरीब परिवार को पक्का मकान उपलब्ध कराने के लिए यह सर्वेक्षण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्राम सभाओं में सिस्टम जनरेटेड स्थायी प्रतीक्षा सूची (PWL) का वाचन और परीक्षण किया जाएगा, जिसमें पात्र हितग्राहियों के नाम जोड़े जाने, त्रुटियों के सुधार और दावा-आपत्ति की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।

 

उन्होंने ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और पात्र परिवारों से अपील की कि वे अपने-अपने ग्राम पंचायत मुख्यालयों में आयोजित ग्राम सभाओं में अनिवार्य रूप से शामिल हों और सूची का सावधानीपूर्वक निरीक्षण करें। यदि किसी पात्र परिवार का नाम सूची में नहीं है तो उसे दावा-आपत्ति के माध्यम से शामिल कराया जाए।

 

विधायक रोहित साहू ने कहा कि यह केवल एक सर्वेक्षण नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के सपनों को पक्की छत देने का अभियान है। उनकी प्राथमिकता है कि राजिम विधानसभा क्षेत्र का कोई भी जरूरतमंद परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित न रहे।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार की मंशा के अनुरूप हर पात्र परिवार तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ कार्य किया जाएगा। “कोई पात्र परिवार नहीं छूटेगा, हर गरीब को उसका आवास अधिकार मिलेगा”, इसी संकल्प के साथ आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण की शुरुआत की जा रही है।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment