मुख्यमंत्री के दौरे पर कांग्रेस का घेराव, किसानों की समस्याओं को लेकर सौंपा 7 सूत्रीय मांगपत्र

SHARE:

गरियाबंद-:मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गरियाबंद आगमन के दौरान किसानों की विभिन्न समस्याओं और जनहित के मुद्दों को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गरियाबंद ने जोरदार तरीके से अपनी आवाज बुलंद की। ब्लॉक अध्यक्ष अमित मिरी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने पहुंचे, जिसे प्रशासन की ओर से तहसीलदार ने प्राप्त किया।

 

ज्ञापन में बताया गया कि पिछले दो वर्षों से जिले के किसान खाद-बीज की कमी, सहकारी संस्थाओं की अव्यवस्थाओं, सीमांकन के लंबित मामलों और कृषि संसाधनों की कमी जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। कांग्रेस ने किसानों के लिए पर्याप्त खाद-बीज उपलब्ध कराने, लंबित सीमांकन प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने तथा पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राहत देने की मांग की।

 

इसके साथ ही वर्षों से अधूरी पड़ी पैरी-घुम्मर नहर परियोजना को जल्द पूरा करने, खरहरी में सुशासन तिहार के दौरान हुए हादसे के घायलों को बेहतर इलाज एवं आर्थिक सहायता देने तथा लगातार दुर्घटनाओं के कारण चर्चा में रहने वाले गरियाबंद-छुरा मार्ग के चौड़ीकरण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।

 

कांग्रेस नेताओं ने जिला अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अस्पताल केवल रेफर सेंटर बनकर रह गया है, जिससे मरीजों को उपचार के लिए बाहर जाना पड़ता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से किसानों और आम जनता से जुड़े इन मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई कर राहत प्रदान करने की मांग की।

इस अवसर पर जिला महासचिव डिलेश्वर देवांगन, महेंद्र सिंह राजपूत, रमेश मेश्राम, मनीष ध्रुव, पार्षद संदीप सरकार, अमृत पटेल, भानु सिन्हा, नंदू गोस्वामी, प्रतिभा पटेल, गुरनूर कौर, ऐश्वर्य यदु सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई