कार्रवाई की मांग को लेकर पटवारी संघ का ज्ञापन,
न्याय नहीं मिला तो आंदोलन की चेतावनी
गरियाबंद-: सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र में पदस्थ नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट तुषार मानिक के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार के मामले ने प्रदेशभर में तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में गरियाबंद जिला राजस्व पटवारी संघ ने प्रदेश सरकार के नाम ज्ञापन सौंपकर दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पटवारी संघ द्वारा जारी ज्ञापन में बताया गया है कि 27 मई 2026 को उप तहसील राजापुर, तहसील मैनपाट, जिला सरगुजा में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार, अपमानजनक टिप्पणी और मारपीट की घटना हुई। संघ ने आरोप लगाया है कि इस मामले में क्षेत्र के विधायक रामकुमार टोप्पो तथा उनके समर्थकों की भूमिका रही है।
ज्ञापन में कहा गया है कि किसी शासकीय अधिकारी के साथ इस प्रकार का व्यवहार प्रशासनिक व्यवस्था, कानून के शासन और सरकारी कर्मचारियों की गरिमा पर सीधा हमला है। संघ का कहना है कि यदि जनप्रतिनिधियों द्वारा अधिकारियों के साथ इस तरह की घटनाएं होती हैं तो इससे पूरे प्रशासनिक तंत्र में भय और असुरक्षा का वातावरण निर्मित होता है।
जिला राजस्व पटवारी संघ ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। संघ ने स्पष्ट किया कि वह छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ की सभी मांगों का समर्थन करता है और अधिकारियों की सुरक्षा एवं सम्मान के मुद्दे पर एकजुट है।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन
पटवारी संघ ने शासन-प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो राजस्व कर्मचारी बिना किसी पूर्व सूचना के आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होंगे। ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।ज्ञापन जिला राजस्व पटवारी संघ गरियाबंद की ओर से कार्यकारी जिला अध्यक्ष के हस्ताक्षर से जारी किया गया है। इसकी प्रतिलिपि प्रदेशाध्यक्ष राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ सहित जिले के सभी तहसील अध्यक्षों को भी प्रेषित की गई है।

“अधिकारी की गरिमा से समझौता नहीं”
राजस्व कर्मचारियों का कहना है कि किसी भी शासकीय अधिकारी के साथ अभद्रता या हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संघ ने स्पष्ट किया है कि न्याय और सुरक्षा की मांग को लेकर पूरे प्रदेश के राजस्व कर्मचारी एकजुट हैं तथा आवश्यकता पड़ने पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




