पेमेंट विवाद में नगर पंचायत कार्यालय बना अखाड़ा, सब इंजीनियर और लेखापाल के बीच मारपीट का वीडियो वायरल

SHARE:

गरियाबंद -:जिले के देवभोग नगर पंचायत कार्यालय में पेमेंट निकालने को लेकर हुए विवाद ने उस समय तूल पकड़ लिया, जब कार्यालय के भीतर मारपीट की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना 7 मई की बताई जा रही है
जिसका वीडियो अब सामने आने के बाद नगर पंचायत में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत देवभोग के सीएमओ के केबिन में सब इंजीनियर आर. श्याम सुंदर पटनायक अपने तीन अन्य साथियों के साथ लेखापाल संदीप चंद्रकार से पुराने लंबित पेमेंट को लेकर चर्चा कर रहे थे। बातचीत के दौरान माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान पीछे खड़े एक युवक ने अचानक लेखापाल संदीप चंद्रकार की गर्दन पकड़ ली और उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी। इसके बाद वहां मौजूद सब इंजीनियर और उनके अन्य साथियों ने भी लेखापाल के साथ जमकर मारपीट की। पूरी घटना नगर पंचायत सीएमओ के केबिन में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

घटना के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा, जहां देवभोग थाना पुलिस ने सब इंजीनियर आर. श्याम सुंदर पटनायक सहित तीन अन्य लोगों के खिलाफ धारा 115(2), 296 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज किया है।

वहीं दूसरी ओर पुलिस ने लेखापाल संदीप चंद्रकार के खिलाफ भी धारा 296 एवं 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नगर पंचायत कार्यालय के भीतर हुई इस घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। सरकारी कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच इस तरह की मारपीट ने कार्यप्रणाली और आपसी समन्वय पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई