टेंगनाबासा पंचायत में आर्थिक अनियमितता के गंभीर आरोप: दूसरे खातों में राशि ट्रांसफर करने का मामला उठा

SHARE:

सचिव हटाने की मांग को लेकर उपसरपंच व पंचों की लगातार गुहार,सचिव पंच एवं उपसरपंचों को आय व्यय की जानकारी नही देने का लगा आरोप

गरियाबंद /छुरा -:छुरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत टेंगनाबासा में पंचायत सचिव को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है।

पंचायत सचिव सरोज कुमार ठाकुर पर पंचायत की आय-व्यय जानकारी छिपाने, बैठकों में सही हिसाब प्रस्तुत नहीं करने तथा पंचायत राशि को अन्य व्यक्तियों के खातों में ट्रांसफर कर आर्थिक अनियमितता करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले को लेकर उपसरपंच रेखचंद साहू सहित 09 पंचों द्वारा लगातार शिकायतें किए जाने के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं होने से पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

प्राप्त आवेदनों के अनुसार, पंचायत प्रतिनिधियों ने जनपद पंचायत छुरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत गरियाबंद के सीईओ, कलेक्टर जनदर्शन तथा राजिम विधायक तक लिखित शिकायत सौंपकर सचिव को हटाने और पूरे वित्तीय लेन-देन की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

आवेदन में उल्लेख किया गया है कि पंचायत बैठकों में सचिव द्वारा आय-व्यय का स्पष्ट ब्यौरा नहीं दिया जाता, जिससे पंचायत प्रतिनिधियों के बीच लगातार असंतोष बना हुआ है।
मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब शिकायत में पंचायत राशि को कथित रूप से अन्य व्यक्तियों के खातों में जमा किए जाने का आरोप सामने आया। पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि यदि पंचायत निधि वास्तव में दूसरे खातों में ट्रांसफर की गई है, तो यह बेहद गंभीर वित्तीय अनियमितता का मामला है और इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत के रिकॉर्ड और खर्चों में पारदर्शिता नहीं होने से संदेह की स्थिति लगातार गहराती जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, उपसरपंच और जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचकर शिकायत कर चुके हैं। इसके अलावा जिला पंचायत कार्यालय, जनदर्शन और अन्य प्रशासनिक स्तरों पर भी आवेदन सौंपे गए, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से सवाल उठने लगे हैं।

इस पूरे मामले पर जिला पंचायत गरियाबंद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का भी बयान सामने आया है। जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि,
“आवेदन के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई है। मैं स्वयं आवेदन को देखूंगा। यदि इस प्रकार की शिकायत सामने आई है और प्रथम दृष्टया तथ्य पाए जाते हैं, तो निश्चित रूप से मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”

सीईओ के इस बयान के बाद अब पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों की निगाहें प्रशासनिक जांच पर टिक गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच होती है, तो पंचायत में हुए वित्तीय लेन-देन और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है।

फिलहाल टेंगनाबासा पंचायत का यह मामला केवल सचिव हटाने की मांग तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि पंचायत निधि के उपयोग, वित्तीय पारदर्शिता और प्रशासनिक जवाबदेही पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में जांच कर क्या कार्रवाई करता है।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई