गरियाबंद/फिंगेश्वर -:नियंत्रक महोदय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे “सही दवा, शुद्ध आहार – यही है छत्तीसगढ़ का आधार” अभियान के तहत सोमवार 04 मई 2026 को जिले के फिंगेश्वर ब्लॉक स्थित नीलम मेडिकल स्टोर पर औचक निरीक्षण किया गया। इस कार्रवाई से दवा कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि मेडिकल स्टोर में नशीली दवाओं के क्रय-विक्रय संबंधी रिकॉर्ड में अनियमितता बरती जा रही है। कई जरूरी दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं पाए गए, जिसके बाद अधिकारियों ने फर्म संचालक को तत्काल सभी संबंधित रिकॉर्ड प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी गई कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध क्रीम का नमूना भी दुकान से लिया गया है, जिसे परीक्षण के लिए भेजा गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस क्रीम का उपयोग खासकर युवा वर्ग द्वारा चेहरे को गोरा करने के लिए अनियंत्रित रूप से किया जा रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक इस प्रकार के उत्पादों का बिना चिकित्सकीय सलाह के उपयोग त्वचा और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कहा कि जिले में अवैध और अनियंत्रित दवा बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने सभी दवा विक्रेताओं को नियमों का पालन करने और दवाओं का सही रिकॉर्ड संधारित करने की सख्त हिदायत दी है।
विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे बिना डॉक्टर की सलाह के किसी भी दवा या क्रीम का उपयोग न करें और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




