गरियाबंद/ छुरा जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत गरियाबंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना छुरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 लाख 40 हजार रुपये कीमत का अवैध गांजा जब्त कर एक नाबालिग सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा के कालाहांडी क्षेत्र से दो व्यक्ति गांजा लेकर छुरा की ओर आ रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी छुरा के नेतृत्व में टीम ने कोसोमबुड़ा तिराहा चेकपोस्ट पर घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से स्लेटी-नीले रंग के पिट्ठू बैग में खाकी टेप से लिपटा हुआ 12 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 6,40,000 रुपये आंकी गई है।
वाहन और मोबाइल भी जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त
बजाज पल्सर NS 200 बाइक (कीमत 1 लाख रुपये)
दो एंड्रॉयड मोबाइल (कीमत 50 हजार रुपये)
को भी जब्त किया। इस तरह कुल जब्ती की कीमत 7 लाख 90 हजार रुपये आंकी गई है।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग)
कुंदन कुमार निर्मलकर (25 वर्ष), निवासी इराईखुर्द, थाना घुमका, जिला राजनांदगांव
दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20 (ख) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
नशे के कारोबार पर पुलिस की सख्ती
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत जिलेभर में अवैध शराब और गांजा तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




