फिंगेश्वर शिक्षा विभाग में डिजिटल वसूली का विस्फोट!

SHARE:

राजनीतिक संरक्षण के आरोपों के बीच सामान्य सभा में हंगामा

कार्रवाई नहीं हुई तो JD व मुख्य सचिव को लिखित शिकायत की चेतावनी

गरियाबंद / फिंगेश्वर-:जिले के फिंगेश्वर ब्लॉक के शिक्षा विभाग में कथित डिजिटल वसूली का मामला अब और भी गंभीर रूप लेता जा रहा है। व्हाट्सएप चैट और फोनपे के जरिए शिक्षकों से पैसे लेने के आरोपों ने जहां प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, वहीं अब इस पूरे प्रकरण में राजनीतिक संरक्षण के आरोप भी सामने आने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, ब्लॉक शिक्षा कार्यालय से जुड़े कुछ कर्मचारियों पर आरोप है कि वे शिक्षकों से विभिन्न कार्यों के नाम पर फोनपे सहित अन्य डिजिटल माध्यमों से राशि वसूल रहे थे। इस कथित वसूली से जुड़े स्क्रीनशॉट और आदेश सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें लेनदेन के स्पष्ट संकेत दिखाई दे रहे हैं।

मामला जिला पंचायत की सामान्य सभा तक पहुंचा, जहां जनप्रतिनिधियों ने इसे जोरदार तरीके से उठाया। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप ने जांच के निर्देश दिए, वहीं सदस्य इंद्रजीत महादिक और संजय नेताम ने सख्त शब्दों में कहा कि शिक्षकों से किसी भी प्रकार की वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

राजनीतिक संरक्षण के आरोपों से बढ़ी गंभीरता

सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे मामले में कुछ प्रभावशाली लोगों के संरक्षण की भी चर्चा जोरों पर है, जिसके चलते अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने की आशंका जताई जा रही है।

हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इससे मामले की संवेदनशीलता और बढ़ गई है।

प्रशासनिक पक्ष से जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा है कि पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई नहीं हुई तो उच्च स्तर पर शिकायत तय

वहीं, अब जनप्रतिनिधियों और प्रभावित पक्ष ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि यदि जिला स्तर पर निष्पक्ष और ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो इस मामले को सीधे उच्च स्तर तक ले जाया जाएगा।

इसके तहत शिक्षा विभाग के जॉइंट डायरेक्टर (JD) और मुख्य सचिव को लिखित शिकायत भेजकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की जाएगी।

बताया जा रहा है कि वायरल स्क्रीनशॉट्स में दिख रहे डिजिटल ट्रांजेक्शन को झुठलाना आसान नहीं है, जिससे जांच एजेंसियों पर निष्पक्ष कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।

फिलहाल, फिंगेश्वर का यह कथित वसूली कांड जिले में चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि क्या प्रशासन राजनीतिक दबाव से ऊपर उठकर कार्रवाई करता है या मामला उच्च स्तर तक पहुंचकर ही खुलकर सामने आता है।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment