“संकल्प हॉस्पिटल पर फूटा घोटाले का बम: जिला पंचायत में हंगामा, 7 दिन में कार्रवाई नहीं तो बड़े एक्शन के संकेत”

SHARE:

गरियाबंद/छुरा-:छुरा स्थित संकल्प छत्तीसगढ़ हॉस्पिटल में कथित आयुष्मान घोटाले का मामला अब जिले की सबसे बड़ी खबर बन गया है। जिला पंचायत की सामान्य सभा में जैसे ही यह मुद्दा उठा, पूरा सदन गरमा गया और जनप्रतिनिधियों ने जमकर हंगामा करते हुए अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए।

सदन में आरोप लगे कि अस्पताल ने बिना ICU और HDU की अनुमति के मरीजों को भर्ती किया, सामान्य बीमारियों को गंभीर बताकर आयुष्मान भारत योजना के तहत फर्जी तरीके से कार्ड ब्लॉक किए गए और लाखों रुपये की राशि निकाली गई।

इस खुलासे ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप ने कड़े शब्दों में कहा कि यह सीधा-सीधा गरीबों के हक पर डाका है और ऐसे मामलों में किसी भी कीमत पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

वहीं जिला पंचायत सदस्य इंद्रजीत महाडिक सहित अन्य सदस्यों ने भी एकजुट होकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की और कहा कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो मामला और बड़े स्तर तक ले जाया जाएगा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने जांच टीम गठित कर दी है। अधिकारियों ने 7 दिन के भीतर ठोस कार्रवाई का भरोसा दिया है। कार्रवाई के दायरे में अस्पताल का लाइसेंस निलंबन या निरस्तीकरण, आयुष्मान योजना से ब्लैकलिस्टिंग और फर्जी तरीके से निकाली गई रकम की रिकवरी शामिल है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी यू.एस. नवरत्न ने स्पष्ट कहा कि जांच पूरी होते ही रिपोर्ट राज्य सरकार को भेजी जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

👉 अब सवाल सिर्फ कार्रवाई का नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम की साख का है…

क्या 7 दिन में होगा बड़ा फैसला या फिर दबाव में मामला ठंडा पड़ जाएगा?

फिलहाल पूरा जिला इंतजार में है—और निगाहें टिकी हैं प्रशासन के अगले कदम पर।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment