रायपुर में नक्सलियों का शहरी नेटवर्क बेनकाब: मजदूर बनकर करते थे रेकी,

SHARE:

रायपुर में नक्सलियों का शहरी नेटवर्क बेनकाब: मजदूर बनकर करते थे रेकी, पेनड्राइव–कोडवर्ड से भेजते थे खुफिया जानकारी

रायपुर-:छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के शहरी नेटवर्क को लेकर राज्य अन्वेषण अभिकरण (SIA) ने बड़ा खुलासा किया है। बिलासपुर की विशेष अदालत में SIA ने 9 नक्सलियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करते हुए बताया कि ये आरोपी रायपुर समेत कई शहरों में मजदूर बनकर रह रहे थे और बेहद गुप्त तरीके से संगठन के लिए काम कर रहे थे।

जांच में सामने आया है कि आरोपी पेनड्राइव और लिफाफों में बंद पत्रों के जरिए जंगल में बैठे नक्सली आकाओं तक संवेदनशील सूचनाएं पहुंचाते थे। इसके लिए कोडवर्ड का इस्तेमाल किया जाता था, ताकि किसी को भनक न लगे।

चार्जशीट के अनुसार, आकाश उर्फ पवन उर्फ पुष्कर मुआर्य रायपुर के चंगोराभाठा इलाके में मजदूर बनकर किराए के मकान में रह रहा था। उसने नक्सली संगठन के डीवीसी सदस्य जग्गू कुरसम और उसकी पत्नी कमला कुरसम को भी रायपुर में ठहराया था। यह मकान शहरी नेटवर्क का मुख्य ठिकाना बन गया था।

SIA की कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से करीब 30 तोला सोना, 2.5 लाख रुपए नकद, लैपटॉप, कई पेनड्राइव और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 300 ग्राम सोना बिस्किट के रूप में भी मिला है।

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी रायपुर, सिमगा, नवापारा राजिम और बिलासपुर में गुप्त बैठकें करते थे। बैठकों में शामिल होने के लिए विशेष कोडवर्ड का उपयोग किया जाता था। गिरधर नाग, संदेव पोडियम समेत अन्य आरोपी जंगल और शहर के बीच कूरियर का काम करते थे, जो विस्फोटक सामग्री और सूचनाओं का आदान-प्रदान करते थे।

गौरतलब है कि 23 सितंबर 2025 को रायपुर के डीडी नगर थाने में इस मामले में FIR दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच SIA को सौंपी गई। गिरफ्तार सभी 9 आरोपियों के खिलाफ BNS और UAPA की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

SIA ने रायपुर, बीजापुर और नारायणपुर में लगातार दबिश देकर इस नेटवर्क को ध्वस्त करने में सफलता हासिल की है। चार्जशीट दाखिल होने के बाद अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सहयोगियों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी की जा रही है।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई