गरियाबंद/बलौदाबाजार-:परमपूज्य गुरु घासीदास बाबा जी के पावन तपोस्थली गिरौदपुरी धाम में आयोजित तीन दिवसीय गुरु दर्शन मेला इस वर्ष भव्य एवं ऐतिहासिक रूप में संपन्न हुआ। आस्था, श्रद्धा और सेवा के इस संगम में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने मेले को विशेष बना दिया।
इस पावन अवसर पर ई-विलेज एजुकेशन सोसाइटी फाउंडेशन फिंगेश्वर (पंजी.क्र. 1222091541) एवं आयुष विभाग रायपुर के सहयोग से विशाल नि:शुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रिसिंपल आयुर्वेदिक कॉलेज रायपुर डॉ. जोशी, आयुष बालोदाबाजार की जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. पेकरा, शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय गिरौदपुरी की टीम सहित अनुभवी चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं।
*तीन दिनों तक चला सेवा का महाअभियान*
पंचमी से प्रारंभ हुए शिविर में डॉ. पूजा वर्मा (शिविर इंचार्ज) के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने हजारों श्रद्धालुओं का परीक्षण कर नि:शुल्क आयुर्वेदिक दवाइयों का वितरण किया।
टीम में डॉ. ओम विजय साहू, डॉ. सविता जांगड़े, श्री चूड़ामणि दास वैष्णव सहित अन्य सहयोगी शामिल रहे।
षष्ठी के दिन डॉ. प्रज्ञा मिश्रा, डॉ. टिकेश्वरी मिश्रा, श्री राज कुमार मधुकर एवं श्री थवाईत राम पैकरा ने सेवाएं दीं।
सप्तमी के दिन डॉ. हरकिशोर, डॉ. निधि नेताम एवं श्री हरि राम पटेल ने स्वास्थ्य परामर्श एवं उपचार प्रदान किया।
इस पूरे आयोजन का संचालन सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. संतोष डहरिया (आयुर्वेद एवं योग डिग्री, टेक ग्रेड-1, पं. रवि शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर) एवं पत्रकार-सामाजिक कार्यकर्ता डागेश्वर मांडले द्वारा किया गया। फिंगेश्वर भंडारा समिति के सदस्यों ने भी शिविर में सक्रिय भूमिका निभाई।
5 हजार श्रद्धालुओं की जांच, 2 हजार को मिला औषधि लाभ
तीन दिनों में लगभग 5 हजार श्रद्धालुओं ने शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण कराया, जिनमें से 1500 से 2000 लोगों को आयुर्वेदिक दवाइयों का नि:शुल्क वितरण किया गया। प्राकृतिक जड़ी-बूटियों, कंद-मूल, फल-फूल एवं सात्विक आहार आधारित उपचार पद्धति को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया।
गुरु संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
गुरु घासीदास बाबा जी ने सदैव सात्विक जीवन, सादगी और सत्य के मार्ग पर चलने का उपदेश दिया है। डॉ. संतोष डहरिया ने कहा कि आयुर्वेद ही सात्विक जीवन की पहली सीढ़ी है, जो प्रकृति के निकट रहकर स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि गुरु के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने हेतु नि:शुल्क आयुर्वेदिक शिविर सेवा का माध्यम बना है।
आस्था, स्वास्थ्य और सेवा का यह अद्भुत संगम गिरौदपुरी धाम में श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय रहा।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




