गौरगांव से लाटापारा तक पक्की सड़क निर्माण की घोषणा, रंगमंच भवन का भूमिपूजन
श्रीराम मरकाम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने थामा कांग्रेस का दामन
गरियाबंद-: जिले के आदिवासी विकासखंड मैनपुर क्षेत्र के ओड़िसा सीमा से लगे संवेदनशील ग्राम पंचायत गौरगांव के आश्रित ग्राम गेदराबेड़ा एवं लाटापारा में 25 वर्षों बाद विधायक के पहुंचने से ऐतिहासिक माहौल देखने को मिला। बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक जनक ध्रुव रविवार सुबह 11 बजे जैसे ही गांव पहुंचे, ग्रामीणों की खुशी देखते ही बन रही थी।
ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ लगभग एक किलोमीटर दूर से पैदल जुलूस निकालकर उनका स्वागत किया गया।
कार्यक्रम स्थल पर विधायक ध्रुव ने रंगमंच भवन निर्माण के लिए विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया। इसके पश्चात आयोजित आमसभा में आसपास के दर्जनभर गांवों से सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण, महिला-पुरुष शामिल हुए।
गौरगांव के सरपंच चिमन नेताम ने स्वागत भाषण में कहा कि 25 वर्षों बाद पहली बार किसी विधायक का गेदराबेड़ा और लाटापारा जैसे सीमांत गांवों में आगमन हुआ है, जिससे ग्रामीणों में नई उम्मीद जगी है।
उन्होंने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं से विधायक को अवगत कराया।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक जनक ध्रुव ने कहा कि वे पिछले दो वर्षों से इस क्षेत्र के सभी गांवों में आने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन प्रशासनिक अनुमति नहीं मिल पाने के कारण दौरा संभव नहीं हो पा रहा था। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले वर्ष तक गौरगांव से लाटापारा तक पक्की सड़क का निर्माण कराया जाएगा, जिससे बारिश के दिनों में ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी। इसके साथ ही घोटियाभर्री और गौरगांव में भी रंगमंच निर्माण की घोषणा की गई। विधायक ने बताया कि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए बजट सत्र में विशेष पहल की जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि आठ गांवों में क्रेडा विभाग द्वारा संचालित सौर ऊर्जा आधारित बिजली व्यवस्था लंबे समय से बंद है। इस पर विधायक ने तत्काल जिला अधिकारी को फोन कर एक सप्ताह के भीतर व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी अप्रैल माह में ओड़िसा के विधायक और कलेक्टर के साथ गरियाबंद जिला प्रशासन की संयुक्त बैठक सीमावर्ती गांवों में आयोजित की जाएगी, ताकि ओड़िसा सीमा से लगे गांवों में बिजली आपूर्ति सहित अन्य समस्याओं का स्थायी समाधान निकाला जा सके।
श्रीराम मरकाम के नेतृत्व में कांग्रेस प्रवेश
ग्राम लाटापारा में विधायक जनक ध्रुव की उपस्थिति में पूर्व जनपद सदस्य श्रीराम मरकाम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। सभी नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं का गमछा पहनाकर स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने कहा कि जनक ध्रुव पहले ऐसे विधायक हैं जो इस दुर्गम क्षेत्र तक पहुंचे और सीधे जनता की समस्याएं सुन रहे हैं। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव, ब्लॉक कांग्रेस महामंत्री गेंदु यादव, निहाल नेताम, जनपद सदस्य सुकचंद ध्रुव, रमुलाबाई मरकाम, मंडल अध्यक्ष भुनेश्वर नेगी, सानबाई मंडावी, हरिशचंद मंडावी, महेश मरकाम सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक कांग्रेस महामंत्री गेंदु यादव ने किया।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




