सीसीटीवी और स्कूल बाउंड्री वॉल की मांग, ग्रामीण बोले—तनाव न बढ़े इसका रखा जाए ध्यान
गरियाबंद-:गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र अंतर्गत दूतकैया गांव में विगत 31 जनवरी को हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद प्रशासन ने शांति बहाली के प्रयास तेज कर दिए हैं। हिंसक झड़प में दो समुदायों के बीच विवाद इतना बढ़ गया था कि मामला मारपीट, चाकूबाजी और आगजनी तक पहुंच गया। घटना में कई घरों और वाहनों को नुकसान हुआ, वहीं स्थिति नियंत्रित करने के दौरान कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे।
घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर क्षेत्र को अस्थायी रूप से छावनी में तब्दील कर दिया गया था। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखते हुए प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
इसी कड़ी में आज जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में दूतकैया में एक महत्वपूर्ण शांति बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों पक्षों के ग्रामीणों के साथ विस्तृत चर्चा की गई और सभी से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ गतिविधि पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने अपनी प्रमुख मांगें भी प्रशासन के समक्ष रखीं। गांव में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने, शासकीय स्कूल परिसर में बाउंड्री वॉल निर्माण कराने की मांग प्रमुख रही। ग्रामीणों ने यह भी आग्रह किया कि फिलहाल दूसरे पक्ष के लोगों को गांव में वापस न लाया जाए, ताकि तनाव की स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।
प्रशासन ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा तथा शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियातन पुलिस बल तैनात है।
दूतकैया की यह घटना पूरे क्षेत्र के लिए चेतावनी है कि छोटी-सी चिंगारी भी बड़ा रूप ले सकती है। ऐसे में प्रशासन और ग्रामीणों की संयुक्त पहल ही स्थायी शांति की कुंजी साबित होगी।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




