अव्यवस्था पर विधायक का वार: राजिम कुंभ में कलाकारों से दुर्व्यवहार पर भड़के रोहित साहू, प्रशासन और इवेंट कंपनी को दी सख्त चेतावनी

SHARE:

गरियाबंद /राजिम-:छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध धार्मिक आयोजन Rajim Kumbh Kalp Mela में लगातार सामने आ रही अव्यवस्थाओं को लेकर राजिम विधायक Rohit Sahu ने कड़ा रुख अपनाया है। मेले की गरिमा और सरकार की छवि से जुड़े इस मुद्दे पर उन्होंने जिला प्रशासन एवं इवेंट कंपनी को सख्त शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि लापरवाही या मनमानी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

*पत्रकारों और नागरिकों की शिकायत के बाद बढ़ा विवाद*

 

एक दिन पूर्व पत्रकारों और आम नागरिकों ने इवेंट कंपनी पर अनावश्यक रोक-टोक, अभद्र व्यवहार और मनमानी के आरोप लगाए थे। शिकायत मिलते ही विधायक रोहित साहू ने तत्काल अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए थे।

 

लेकिन अगले ही दिन अव्यवस्था का एक और गंभीर मामला सामने आया। मुख्यमंच पर प्रस्तुति देने आए कलाकारों को कार्यक्रम समाप्ति के बाद लगभग डेढ़ घंटे तक बैठाए रखा गया और भोजन तक उपलब्ध नहीं कराया गया। कलाकारों के साथ हुए इस व्यवहार की जानकारी मिलते ही विधायक स्वयं मौके पर पहुंच गए।

 

*मौके पर फटकार, मांगा जवाब*

 

विधायक ने जिला प्रशासन के अधिकारियों और इवेंट कंपनी के प्रतिनिधियों से जवाब-तलब किया। संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और स्पष्ट शब्दों में कहा कि राजिम कुंभ आस्था, संस्कृति और प्रदेश की पहचान से जुड़ा आयोजन है—इसकी गरिमा से खिलवाड़ किसी को नहीं करने दिया जाएगा।

 

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं, साधु-संतों और कलाकारों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। व्यवस्थाओं में सुधार तुरंत सुनिश्चित किया जाए।

 

*कलाकारों को स्वयं कराया भोजन*

 

मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए विधायक रोहित साहू सभी कलाकारों को अपने साथ एक निजी रेस्टोरेंट ले गए और भोजन की व्यवस्था कराई। उन्होंने कहा कि कलाकारों का सम्मान सर्वोपरि है और भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा नहीं होनी चाहिए।

 

*प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल*

 

घटनाक्रम के बाद जिला प्रशासन और इवेंट कंपनी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं विधायक का सख्त और संवेदनशील रुख आम जनता और कलाकारों के बीच सराहना का विषय बन गया है।

 

राजिम कुंभ जैसे बड़े आयोजन में लगातार सामने आ रही व्यवस्थागत खामियां अब प्रशासन के लिए चुनौती बनती जा रही हैं।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई