राजिम कुंभ में अव्यवस्थाओं की परतें उधड़ीं, मंत्री का सख्त एक्शन

SHARE:

मजदूर सुरक्षा के बाद अब मेला प्रबंधन अधिकारियों–इवेंट एजेंसी को जमकर लगी फटकार

गरियाबंद /राजिम — छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने राजिम कुंभ कल्प मेला स्थल पर औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक और इवेंट प्रबंधन की लापरवाहियों को बेनकाब कर दिया। कुछ दिन पहले मेला क्षेत्र में मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सामने आई गंभीर खामियों पर खबर प्रकाशित होने के बाद भी हालात नहीं सुधरने से मंत्री का रुख बेहद सख्त नजर आया।

निरीक्षण के दौरान मेला क्षेत्र में अव्यवस्थित निर्माण कार्य, सुरक्षा मानकों की अनदेखी, मूलभूत सुविधाओं की कमी और जिम्मेदारों की उदासीनता देखकर मंत्री ने अधिकारियों व इवेंट एजेंसी के जिम्मेदारों को मौके पर ही फटकार लगाई।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि मजदूरों की जान से लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा तक किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने दो टूक शब्दों में कहा कि राजिम कुंभ कल्प मेला राज्य की धार्मिक और सांस्कृतिक अस्मिता का प्रतीक है, यहां लापरवाही न सिर्फ प्रशासनिक विफलता है बल्कि आस्था के साथ सीधा खिलवाड़ भी है। मजदूर सुरक्षा को लेकर पहले ही चेतावनी दिए जाने के बावजूद सुधार न होना घोर लापरवाही की श्रेणी में आता है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में चल रहे सभी कार्यों की तत्काल सुरक्षा ऑडिट कराई जाए, मजदूरों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं और श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाएं बिना देरी दुरुस्त की जाएं।

मंत्री के औचक निरीक्षण और सख्त तेवरों के बाद मेला प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों और इवेंट एजेंसी पर बढ़ते दबाव के बीच अब सवाल उठ रहा है कि चेतावनियों के बाद भी आखिर लापरवाही क्यों जारी रही।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई