गरियाबंद-: गरियाबंद वनमंडल अंतर्गत छुरा वन परिक्षेत्र के टोनहिडबरी बीट क्षेत्र में शुक्रवार को एक तेंदुआ खेत में स्थित कुएं के पानी में मृत अवस्था में पाया गया। तेंदुए का शव पानी में तैरता देखे जाने के बाद क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा एवं प्रारंभिक जांच की कार्रवाई की गई। वन विभाग के अनुसार मृत तेंदुआ लगभग डेढ़ वर्ष आयु का बताया जा रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सहित आगे की वैधानिक प्रक्रिया की जा रही है।
हालांकि यह घटना वन्यजीव सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल भी खड़े करती है। खेतों और वन सीमा से सटे क्षेत्रों में खुले कुएं और जलस्रोत वन्यजीवों के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं। ऐसे में यह आवश्यक है कि वन विभाग फील्ड स्तर पर गश्त और निगरानी को और प्रभावी बनाए, ताकि इस तरह की घटनाओं को समय रहते रोका जा सके।
वन विशेषज्ञों का मानना है कि तेंदुआ जैसे संरक्षित वन्यप्राणी की इस प्रकार मौत होना गंभीर विषय है और इसकी गहन जांच आवश्यक है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
घटना के बाद वन विभाग द्वारा आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की बात कही गई है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर यह संकेत दिया है कि वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर फील्ड स्तर पर सतर्कता और जिम्मेदारी निभाना बेहद जरूरी है।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




