गरियाबंद-: अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस 03 दिसम्बर 2025 के अवसर पर सूरजपुर में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में जिला गरियाबंद को राज्य का सर्वोत्तम जिला घोषित करते हुए प्रथम स्थान का प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया गया।
यह सम्मान जिले में दिव्यांगजन कल्याणकारी सेवाओं, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, उत्कृष्ट कार्यप्रणाली और संवेदनशील प्रशासनिक व्यवस्थाओं के सफल संचालन के आधार पर मिला है।
राज्य स्तरीय समारोह में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गरियाबंद जिले को उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक डी.पी. ठाकुर को सम्मानित किया। गरियाबंद ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया। मंत्री राजवाड़े ने कहा कि दिव्यांगजन कल्याण के क्षेत्र में गरियाबंद के प्रयास पूरे राज्य के लिए अनुकरणीय हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न श्रेणियों के दिव्यांगजन, उत्कृष्ट संस्थाएँ और कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।
इस दौरान जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, समाजसेवी और बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित रहे।
उपसंचालक डी.पी. ठाकुर ने राज्य शासन एवं विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कलेक्टर बी.एस. उइके के मार्गदर्शन में जिले में आयोजित दिव्यांगजन शिविरों के माध्यम से योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जिले की सामूहिक प्रतिबद्धता और टीमवर्क का परिणाम है।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




