कलेक्टर के कड़े तेवर : मरौदा धान खरीदी केंद्र में अव्यवस्था उजागर, समिति प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस

SHARE:

गरियाबंद-:धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के अभियान के तहत कलेक्टर बीएस उइके ने आज गरियाबंद तहसील के मरौदा धान खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र में तौलाई में गड़बड़ी, धान में नमी की समस्या और समग्र अव्यवस्था सामने आने पर कलेक्टर ने मौके पर मौजूद अधिकारी-कर्मचारियों की कड़ी फटकार लगाते हुए सख्त रुख अपनाया।

तौल में गड़बड़ी पकड़ी, नमी खुद मापी

कलेक्टर ने धान की गुणवत्ता और सही माप सुनिश्चित करने के लिए स्वयं आर्द्रतामापी यंत्र से नमी स्तर की जांच की। बोरों का वजन दोबारा कराया गया, जिसमें गड़बड़ी सामने आई। इस पर उन्होंने तत्काल नाराजगी जताते हुए कहा कि किसानों से खरीदी में किसी तरह की लापरवाही या हेराफेरी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समिति प्रबंधक को नोटिस – सुधार के सख्त आदेश

केंद्र में अव्यवस्था और प्रक्रियाओं के सही पालन में लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर ने समिति प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित कर्मचारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि धान तौलने, भरने और स्टेकिंग में एक भी त्रुटि पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

धान बेचने आए किसानों से की सीधी बात

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किसानों से खरीदी की व्यवस्था, भुगतान, तौलाई और सुविधा उपलब्धता के संबंध में खुलकर बातचीत की। किसानों ने अपने अनुभव साझा किए, जिन पर तत्काल आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

रिकॉर्ड और उपकरणों की गहन जांच

निरीक्षण के दौरान आवक रजिस्टर, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, आर्द्रतामापी यंत्र, ऋण पुस्तिकाएं, पुराने और नए बारदाने समेत सभी व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई।
कलेक्टर ने निर्देश दिया कि प्रतिदिन खरीदी के बाद बोरियों की सिलाई और व्यवस्थित स्टेकिंग अनिवार्य रूप से की जाए और जहां भी अनियमितता है, उसे तुरंत सुधारा जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारी को केंद्र का स्टॉक वेरिफिकेशन करने के निर्देश भी दिए।

किसानों की परेशानियां हों खत्म – स्पष्ट संदेश

कलेक्टर ने दो टूक कहा—
“धान बेचने आए किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। खरीदी प्रणाली पूरी तरह पारदर्शी और सुव्यवस्थित होनी चाहिए। लापरवाही मिली तो कार्रवाई तय है।”
निरीक्षण के दौरान एसडीएम हितेश्वरी बाघे सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment