अधिकारियों को सहभागी और व्यवहारिक विलेज एक्शन प्लान बनाने के दिए निर्देश
गरियाबंद-:धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत संचालित आदि कर्मयोगी अभियान की समीक्षा बैठक आज कलेक्टर सभाकक्ष गरियाबंद में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता अभियान के राज्य प्रभारी एवं ट्राइफेड भारत सरकार के प्रबंध संचालक एम. राजमुरुगन (आईपीएस) ने की। बैठक में कलेक्टर बी.एस. उईके, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर नवीन भगत सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में बताया गया कि जिले के जनजातीय बाहुल्य क्षेत्रों एवं विशेष पिछड़ी जनजाति (कमार) बहुल ग्रामों तक सरकारी योजनाओं को तेजी से पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के ग्रामों को विकास योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। राजमुरुगन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तैयार होने वाले विलेज एक्शन प्लान सहभागी और व्यवहारिक हों। उन्होंने कहा कि अधोसंरचना विकास के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कौशल उन्नयन और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया जाए। ग्राम सभाओं की सहभागिता से तैयार योजनाएँ वर्ष 2030 तक स्थायी विकास की आधारशिला सिद्ध होंगी।बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि कई ग्रामों का विलेज एक्शन प्लान तैयार कर लिया गया है और शेष ग्रामों का कार्य शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा। 2 अक्टूबर से शुरू होने वाली ग्राम सभाओं में इन योजनाओं को अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।राज्य प्रभारी ने जिले में अभियान के तहत अब तक की प्रगति की सराहना की और बेहतर समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने फील्ड स्तर पर कार्यरत कर्मयोगियों और अधिकारियों को सक्रिय भूमिका के लिए बधाई दी।बैठक में आदिवासी विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, खाद्य, राजस्व, विद्युत, पशुपालन, मत्स्य पालन समेत अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




