“राजिम की सड़कें बर्बाद, लोक निर्माण विभाग बना आंख मूंदने वाला”

SHARE:

विभाग की उदासीनता से शहर की पवित्र छवि पर संकट, स्थानीय लोग उग्र आंदोलन की राह पर

गरियाबंद/राजिम -:जिले की धर्म नगरी राजिम में सड़कें स्थानीय निवासियों और राहगीरों के लिए लगातार संकट बनती जा रही हैं। पंडित सुंदरलाल शर्मा चौक से तहसील कार्यालय तक की सड़क की जर्जर स्थिति ने न केवल आवागमन को मुश्किल बना दिया है, बल्कि शहर की पवित्र और शांत छवि को भी धूमिल कर दिया है।स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश के दौरान सड़क पर 2 से 3 फीट तक पानी भर जाता है, जिससे पैदल चलना तो दूर, वाहन का गुजरना भी मुश्किल हो जाता है। वहीं, सूखे दिनों में धूल और कंकड़ के कारण राहगीरों और व्यापारियों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है।इस सड़क पर जिले के बड़े नेता और अधिकारी नियमित रूप से आते-जाते हैं, फिर भी लोक निर्माण विभाग की उदासीनता ने सड़क की मरम्मत को अब तक रोक रखा है। जनता का कहना है कि विभाग की इस अनदेखी से नगरवासियों को हर दिन असुविधा झेलनी पड़ रही है और शहर की गरिमा को भी नुकसान हो रहा है।स्थानीय पार्षद तुषार कदम ने इस मामले में लोक निर्माण विभाग के एसडीओ को ज्ञापन सौंपकर तत्काल मरम्मत की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर सड़क की मरम्मत नहीं हुई, तो जनता उग्र आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएगी।राजिमवासियों का कहना है कि यह सड़क केवल आवागमन का जरिया नहीं, बल्कि नगर की प्रतिष्ठा और धर्म नगरी की पवित्रता का प्रतीक भी है। विभाग की उदासीनता से नगर की यह छवि धूमिल हो रही है। प्रशासन को तत्काल कदम उठाकर सड़क की मरम्मत करानी चाहिए, ताकि जनता को राहत मिले और राजिम की गरिमा बनी रहे।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment