बुजुर्गों से आत्मीयता से मिले, वस्त्र-फल भेंट कर उत्तम स्वास्थ्य की कामना की
गरियाबंद-: जिला मुख्यालय से लगे ग्राम भिलाई स्थित सियान सेवा सदन वृद्धाश्रम का आज कलेक्टर बी एस उईके ने औचक निरीक्षण किया। समाज कल्याण विभाग के सहयोग से प्रेरक स्वयं सेवी संस्था द्वारा संचालित इस वृद्धाश्रम में वर्तमान में 18 बुजुर्ग निवासरत हैं।कलेक्टर उईके ने सभी वरिष्ठजनों से आत्मीयता से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। वहां मिलने वाले सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही रहने-खाने की व्यवस्थाओं के बारे में भी पूछा। उन्होंने बुजुर्गों को वस्त्र व फल भेंट किए तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।बुजुर्गों ने कलेक्टर से मुलाकात के दौरान अपने भाव प्रकट किए और कहा कि प्रशासन और संस्था की देखभाल से उन्हें घर जैसा माहौल मिला है। कलेक्टर के आगमन से उन्हें आत्मीय खुशी मिली। इस अवसर पर कलेक्टर ने कोरोना काल के दौरान पश्चिम बंगाल से भटककर आई भगवती दास से भी मुलाकात की। सियान सेवा सदन ने उन्हें सहारा दिया है और वे अब यहीं निवासरत हैं। कलेक्टर ने उनसे आत्मीय बातचीत कर उनके सुख-दुख की जानकारी ली और आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन हमेशा उनके साथ है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आश्रम परिसर, भोजनशाला, रसोईघर एवं निवास व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी लेकर आवश्यकतानुसार सुधारात्मक सुझाव भी दिए।कलेक्टर उईके ने कहा कि वृद्धजन हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी सेवा करना और उन्हें सम्मान देना हमारा नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की और आश्रम प्रबंधन को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।उल्लेखनीय है कि समाज कल्याण विभाग की ओर से इस आश्रम को खाद्यान्न, वस्त्र, स्वास्थ्य सुविधा और अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाता है। वहीं प्रेरक स्वयं सेवी संस्था निरंतर समर्पण के साथ बुजुर्गों की देखभाल, स्वास्थ्य परीक्षण, मनोरंजन और दैनिक जीवन की व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रही है।कलेक्टर ने विभाग और संस्था के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास समाज में मानवीय संवेदनाओं को और सुदृढ़ करते हैं।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




