अमलीपदर हायर सेकेंडरी स्कूल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
गरियाबंद-: जिले में साइबर अपराधों को रोकने और युवाओं को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करने हेतु गरियाबंद पुलिस एवं भारतीय स्टेट बैंक शाखा अमलीपदर ने संयुक्त रूप से शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल नयापारा अमलीपदर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।
कार्यक्रम में थाना अमलीपदर की टीम ने छात्रों को ऑनलाइन धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए सचेत रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अनचाहे लिंक पर क्लिक न करें, कोई भी ऐप बिना जांच-परख के डाउनलोड न करें, किसी भी परिस्थिति में ओटीपी शेयर न करें, बैंक खाता किराए पर न दें तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे झांसे में न आएं। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी पर मामला बनता है, तो पुलिस सीधे आकर जांच करती है।
साथ ही छात्रों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
भारतीय स्टेट बैंक टीम ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए छात्रों को खाते की नियमित जांच, एटीएम का पासवर्ड और ओटीपी सुरक्षित रखने, ऑनलाइन शॉपिंग में सावधानी बरतने और फर्जी ऑनलाइन जॉब ऑफर्स से बचने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित डिजिटल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




