बिहार में डबल अलर्ट: आतंकी घुसपैठ के बाद अब पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी

SHARE:

पटना  ।  बिहार में तीन पाकिस्तानी आतंकियों की घुसपैठ के अलर्ट के ठीक एक दिन बाद, राजधानी पटना के सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जिससे पूरे प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। एक अज्ञात ईमेल के जरिए यह धमकी दी गई, जिसमें  कोर्ट परिसर में 4 RDX IED विस्फोट करने की चेतावनी दी गई है। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद गुरुवार को ही कोर्ट में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पूरे परिसर को खाली करा लिया गया। सूचना मिलते ही जज, वकील और अन्य सभी कर्मचारी तुरंत कोर्ट से बाहर निकल गए। मौके पर भारी पुलिस बल और बम निरोधक दस्ता पहुंचकर जांच में जुट गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार,  भेजे गए इस ईमेल में साफ तौर पर लिखा गया था कि 29 अगस्त को पटना सिविल कोर्ट में चार शक्तिशाली RDX IED ब्लास्ट किए जाएंगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल कोर्ट के रजिस्ट्रार ने तुरंत सभी को सूचित किया, जिसके बाद लोक अभियोजक राकेश कुमार ने भी सभी अधिवक्ताओं को अदालत परिसर से बाहर निकलने का निर्देश दिया। यह बम की धमकी ऐसे समय में आई है जब बिहार पहले से ही आतंकी हमले की आशंका को लेकर हाई अलर्ट पर है।  खुफिया एजेंसियों ने नेपाल के रास्ते जैश-ए-मोहम्मद के तीन पाकिस्तानी आतंकियों के बिहार में घुसने का इनपुट दिया था। इसके बाद पूरे राज्य में अलर्ट जारी करते हुए आतंकियों की तस्वीरें भी सार्वजनिक की गई थीं। मोतिहारी पुलिस ने इन आतंकियों पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है। नेपाल सीमा से सटे पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, भागलपुर, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, अररिया और सुपौल समेत सभी जिलों में विशेष चौकसी बरती जा रही है और आतंकियों की तलाश में राज्य भर में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment