5-5 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति, खिलाड़ियों को मिलेंगी आधुनिक खेल सुविधाएं
धमतरी-:छत्तीसगढ़ सरकार ने खेलों के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने और खिलाड़ियों को आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में एक और अहम कदम उठाया है। क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत धमतरी और कुरूद में इंडोर बैडमिंटन हॉल/मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए 5-5 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय खेलों को बढ़ावा देने के लिए बुनियादी ढांचे के विकास, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन योजनाओं पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 1 से 3 करोड़ रुपये तक की पुरस्कार राशि देने की योजना इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। यह पहल खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भी खेलों की ओर प्रेरित कर रही है।
कलेक्टर धमतरी ने बताया कि बनने वाले स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खिलाड़ियों को बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कैरम, शतरंज, स्नूकर, स्क्वॉश, बास्केटबॉल, पिकलबॉल, तीरंदाजी, योग सहित विभिन्न खेलों की अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए प्लेयर रूम, सुव्यवस्थित हॉल, वेटिंग एरिया, फर्स्ट एड रूम और अलग शौचालय जैसी व्यवस्थाएं भी की जाएंगी।
धमतरी और कुरूद के मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थानीय खिलाड़ियों के लिए खेल प्रतिभा निखारने का बड़ा केंद्र साबित होंगे। इससे क्षेत्र के युवा गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्राप्त कर राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकेंगे।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




