गरियाबंद-:कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर बी.एस. उइके ने आगामी स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि 15 अगस्त के आयोजन को गरिमामय और भव्य रूप में संपन्न किया जाए। उन्होंने कार्यक्रम की सभी तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में समारोह स्थल की बैठक व्यवस्था, साफ-सफाई, साज-सज्जा, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था, परेड और स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम जैसे बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। स्वतंत्रता दिवस की अंतिम रिहर्सल 13 अगस्त को प्रातः पुलिस लाइन परेड ग्राउंड गरियाबंद में होगी, जिसमें सभी जिला अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों को स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानित किया जाएगा, जिसके लिए 10 अगस्त तक नामांकन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी शासकीय और सार्वजनिक भवनों पर रोशनी करने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।
बैठक में जिला पंचायत के सीईओ जी.आर. मरकाम, एडीएम अरविंद पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र चन्द्राकर, अपर कलेक्टर नवीन भगत, सभी एसडीएम और जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके पश्चात कलेक्टर ने समय-सीमा की बैठक में जनदर्शन, जनचौपाल, जनशिकायत, पीएमओ, हाईकोर्ट, सीपीग्राम, लोकसंवाद व अन्य उच्च कार्यालयों से जुड़े लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर नियत समय में निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने और विभागीय योजनाओं में प्रगति लाने पर जोर दिया। साथ ही राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले रजत जयंती वर्ष 2025-26 की तैयारियों को भी समय-सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर 15 अगस्त से 31 मार्च 2026 तक विभिन्न क्षेत्रों की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए विभागीय गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
कलेक्टर ने नगरीय निकायों में आवारा मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अभियान चलाने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना और खरीफ सीजन की प्रगति की भी बैठक में समीक्षा की गई।
यह बैठक स्वतंत्रता दिवस को गरिमापूर्ण बनाने और शासन की योजनाओं को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने की दिशा में एक अहम कदम रही।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




