राजिम में 30 जुलाई को होगा जिला स्तरीय शिक्षण उत्सव, शिक्षकों और अधिकारियों का होगा सम्मान

SHARE:

गरियाबंद-:शासकीय स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण, समावेशी और प्रेरणादायी शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला स्तरीय शिक्षण उत्सव का आयोजन 30 जुलाई को प्रेम रतन मैरिज पैलेस, राजिम में किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य न केवल शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करना है, बल्कि शिक्षकों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच समन्वय को सुदृढ़ कर शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सहभागी बनाना है।

इस कार्यक्रम में जिले के लगभग 70 शिक्षक हिस्सा लेंगे। आयोजन का संचालन गरियाबंद के शिक्षकगण द्वारा किया जाएगा, जिसमें ओपन लिंक्स फाउंडेशन की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

कार्यक्रम में कलेक्टर बी.एस. उइके, जिला पंचायत सीईओ जी.आर. मरकाम, जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंग धीर, जिला मिशन समन्वयक शिवेश कुमार शुक्ला, श्याम कुमार चंद्राकर, मनोज केला, विल्सन पी थॉमस, अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण, ओपन लिंक्स फाउंडेशन के मुख्य परिचालन अधिकारी विश्वजीत पवार तथा विनोबा टीम विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

इस अवसर पर विभिन्न विद्यालय, संकुल, ब्लॉक एवं जिला स्तर पर उल्लेखनीय कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में टीम एक्टिविटीज, समूह चर्चा, रचनात्मक गतिविधियाँ, सेल्फी पॉइंट्स, शिक्षक विचार मंच, और उपहार वितरण जैसे आकर्षक तत्व भी शामिल रहेंगे, जो इसे जीवंत और प्रेरक बनाएंगे।

शिक्षण उत्सव के माध्यम से जिला प्रशासन शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक सुधार लाने की दिशा में एक नई पहल कर रहा है, जो आने वाले समय में बेहतर परिणाम देने की उम्मीद है।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment