गरियाबंद-: जिले के कन्या आश्रम में पदस्थ शिक्षिका शिवानी मिश्रा पर आदिवासी छात्राओं के साथ मारपीट के गंभीर आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि शिक्षिका ने 13 छात्राओं को कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा, जिससे छात्राओं में दहशत का माहौल बन गया है। सभी छात्राएं राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र माने जाने वाले कमर जनजाति से संबंध रखती हैं, जो इस घटना को और भी संवेदनशील बना देती है।
इस गंभीर मामले को लेकर जिले के कई सामाजिक संगठनों ने गरियाबंद कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा, जिसमें दोषी शिक्षिका के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की गई। संगठनों ने आरोप लगाया कि यह घटना न केवल बाल अधिकारों का उल्लंघन है, बल्कि आदिवासी समुदाय की गरिमा को भी चोट पहुंचाने वाला कृत्य है।
आश्रम में फैला डर और तनाव का माहौल
घटना के बाद आश्रम परिसर में भय का वातावरण व्याप्त है। अन्य छात्राएं भी बुरी तरह डरी हुई हैं और खुलकर कुछ कहने से कतरा रही हैं। मारपीट के बाद से छात्राएं मानसिक रूप से असहज महसूस कर रही हैं और कई अभिभावकों ने भी अपनी चिंता जाहिर की है।
प्रशासन ने जताई गंभीरता
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर भगवान सिंह ने मीडिया से चर्चा में कहा कि, “इस मामले को गंभीरता से लिया गया है। जांच कर दोषी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”
वहीं, एडिशनल एसपी जितेन्द्र चंद्राकर ने भी बताया कि, “आवेदन प्राप्त हुआ है। प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।”
सामाजिक संगठनों ने चेताया
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यदि इस घटना पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो जिलेभर में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। संगठनों ने प्रशासन से यह भी मांग की कि आश्रम में रह रही बच्चियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
अब सभी की निगाहें इस पर टिकी हैं कि जिला प्रशासन और पुलिस विभाग इस संवेदनशील और मानवीय दृष्टिकोण से जुड़े मामले में कितनी तत्परता से कदम उठाते हैं और पीड़ित छात्राओं को न्याय दिलाते हैं।

Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




