ग्रामीणों ने जताई नाराजगी, तीन साल से इंतजार में बीत रहे दिन, लापरवाही की मिसाल बना निर्माण कार्य
गरियाबंद/राजिम-:ग्राम पंचायत देवरी में लाखों रुपए की लागत से बनी पानी टंकी ग्रामीणों के किसी काम नहीं आ रही है। लगभग तीन वर्ष पूर्व नल-जल योजना के तहत इस पानी टंकी का निर्माण किया गया था, लेकिन आज तक यह चालू नहीं हो पाई। ग्रामीणों की मानें तो टंकी निर्माण में गुणवत्ता की भारी अनदेखी की गई है, जिससे इसमें जगह-जगह लिकेज हो गया है। साथ ही, बोरवेल फिटिंग का काम अब तक अधूरा है और खोदे गए गड्ढों को भी नहीं भरा गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि ठेकेदार द्वारा न केवल घटिया सामग्री से निर्माण कराया गया, बल्कि पाइपलाइन बिछाने में भी मनमानी की गई। योजना के अनुसार प्रत्येक घर तक नई पाइपलाइन से जल आपूर्ति होनी थी, लेकिन ठेकेदार ने पुरानी पाइपलाइन से ही कनेक्शन जोड़ दिया। परिणामस्वरूप, आज भी ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है, खासकर बारिश के दिनों में कीचड़ से होकर गुजरना उनकी मजबूरी बन गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शासन की महत्वाकांक्षी योजना को ठेकेदारों की लापरवाही और अधिकारियों की अनदेखी ने फेल कर दिया है। गांव के लोग मांग कर रहे हैं कि जल्द से जल्द इस पानी टंकी को चालू किया जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं को शीघ्र नहीं सुना गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
एक ओर पानी की किल्लत, दूसरी ओर अनुपयोगी टंकी – देवरी गांव बना योजनाओं की लापरवाही का उदाहरण।

Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




