जर्जर हालात में पितईबंद पंचायत भवन, ग्रामीणों ने की मरम्मत की मांग

SHARE:

छत से गिर रहा प्लास्टर, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

थनेश्वर बंजारे

राजिम-:ग्राम पंचायत पितईबंद का पंचायत भवन इन दिनों अपनी खस्ताहाल स्थिति को लेकर चर्चा में है। करीब 20 वर्ष पूर्व बना यह भवन आज जर्जर हालत में पहुंच गया है, जहां छत से प्लास्टर झड़ रहा है, दीवारों में गहरी दरारें पड़ चुकी हैं और पूरी संरचना कमजोर हो चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत भवन में प्रवेश करना जान जोखिम में डालने जैसा है।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि निर्माण के समय गुणवत्ता से समझौता किया गया, जिसके कारण दो दशक भी नहीं बीते और भवन की हालत खंडहर जैसी हो गई है। अब वहां ग्राम सभा, राशन कार्ड वितरण जैसे जरूरी कार्य भी खतरे में पड़ गए हैं। लोग पंचायत कार्यालय जाने से भी डरते हैं, क्योंकि छत से प्लास्टर का गिरना आम बात हो गई है।

पूर्व एवं वर्तमान पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा कई बार इस मुद्दे को जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समक्ष उठाया गया, लेकिन अब तक न तो कोई मरम्मत हुई है और न ही पुनर्निर्माण के लिए राशि स्वीकृत की गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन पर गंभीर उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा है कि यदि जल्द कदम नहीं उठाया गया, तो किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल पंचायत भवन की मरम्मत या पुनर्निर्माण के लिए बजट स्वीकृत करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने यह भी आग्रह किया है कि भविष्य में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निष्पक्ष जांच और निगरानी व्यवस्था की जाए।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment