स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनसंख्या नियंत्रण के प्रति किया जा रहा जागरूकता अभियान प्रारंभ
थनेश्वर बंजारे
गरियाबंद-:विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर गरियाबंद जिले में जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया। कलेक्टर श्री बी. एस. उईके के निर्देशन में शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू. एस. नवरत्न ने परिवार कल्याण कार्यक्रम अंतर्गत जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिला नोडल अधिकारी परिवार कल्याण कार्यक्रम डॉ. लक्ष्मीकांत जांगड़े, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री गनपत कुमार नायक, आरएमएनसीएच सलाहकार डॉ. योगेन्द्र सिंह रघुवंशी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
डॉ. नवरत्न ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या के कारण देश में संसाधनों की कमी, गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई, स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव एवं पर्यावरणीय समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। इन्हीं चुनौतियों से निपटने हेतु हर वर्ष 11 जुलाई से 18 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा आयोजित किया जाता है, जिसके अंतर्गत विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां की जाती हैं।
पखवाड़े के दौरान जिले में सास-बहू सम्मेलन, पुरुष नसबंदी शिविर, गर्भनिरोधक साधनों जैसे आईयूसीडी, अंतरा इंजेक्शन, माला-एन व छाया टैबलेट्स के उपयोग को बढ़ावा देने, एवं पुरुष-महिला नसबंदी संबंधी परामर्श कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग की मितानिनें और मैदानी अमला लक्षित दंपत्तियों के घर-घर जाकर छोटे परिवार की महत्ता पर विशेष रूप से परामर्श देंगे। डॉ. नवरत्न ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण के स्थायी एवं अस्थायी उपायों को अपनाकर ही हम संतुलित और समृद्ध समाज की ओर अग्रसर हो सकते हैं।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




