10-15 दिन पहले बने पक्तियां से देवसरा मार्ग में आई दरारें, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की खुली पोल!

SHARE:

7 किलोमीटर सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल, ठेकेदार की कार्यप्रणाली से ग्रामीणों में नाराजगी; विभागीय अधिकारियों से जवाब लेने का प्रयास भी रहा बेनतीजा, अब कलेक्टर तक पहुंचेगा मामला

थानेश्वर बंजारे

गरियाबंद। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के दावों की जमीनी हकीकत गरियाबंद जिले के छुरा विकासखंड में सवालों के घेरे में है। यहां पक्तियां से देवसरा तक करीब 7 किलोमीटर लंबी नवनिर्मित सड़क का निर्माण हुए महज 10 से 15 दिन ही बीते हैं, लेकिन इतनी कम अवधि में ही सड़क पर जगह-जगह दरारें दिखाई देने लगी हैं। नई सड़क की यह स्थिति निर्माण कार्य की गुणवत्ता और ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क निर्माण के बाद किनारों पर मिट्टी डालकर दबाने के काम में भी कथित तौर पर खानापूर्ति की गई है। वहीं सड़क की वास्तविक गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। निर्माण के बाद सड़क पर रेत और मिट्टी का छिड़काव किए जाने की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिस सड़क से लंबे समय तक आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद थी, उसकी हालत निर्माण के कुछ ही दिनों बाद खराब होने लगी है। ऐसे में सड़क निर्माण में निर्धारित मापदंडों का पालन हुआ या नहीं, इसकी जांच जरूरी हो गई है।

अधिकारियों से जवाब मांगने पर भी नहीं मिली जानकारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों से सड़क निर्माण की गुणवत्ता, ठेकेदार की जिम्मेदारी और विभागीय निरीक्षण को लेकर जानकारी लेने का प्रयास किया गया। इसके लिए अधिकारियों से फोन पर संपर्क करने के साथ मुलाकात कर उनका पक्ष जानने की कोशिश भी की गई, लेकिन न तो फोन पर जवाब मिला और न ही मुलाकात कर जानकारी लेने का अवसर दिया गया।

ऐसे में सवाल उठता है कि जब किसी सरकारी निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हों, तब संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारी अपना पक्ष रखने से क्यों बच रहे हैं? क्या विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी केवल निर्माण कार्यों की स्वीकृति और निगरानी तक सीमित है, या फिर जनता और मीडिया के सवालों का जवाब देना भी उनकी जवाबदेही का हिस्सा है? आखिर सरकारी योजनाओं के तहत करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई जा रही सड़कों की गुणवत्ता को लेकर जानकारी किससे ली जाएगी, यदि संबंधित अधिकारी ही जवाब देने के लिए उपलब्ध नहीं होंगे?

अब कलेक्टर के समक्ष उठेगा मामला, तकनीकी जांच की मांग

पक्तियां से देवसरा तक बने इस 7 किलोमीटर मार्ग की मौजूदा स्थिति को देखते हुए अब मामले को जिला कलेक्टर के संज्ञान में लाने और लिखित शिकायत के माध्यम से निष्पक्ष तकनीकी जांच की मांग करने की तैयारी है। शिकायत में सड़क निर्माण में इस्तेमाल सामग्री, निर्धारित मापदंडों के पालन, निर्माण के दौरान हुए विभागीय निरीक्षण और ठेकेदार की जिम्मेदारी की जांच की मांग उठाई जाएगी।

सवाल यह भी है कि यदि सड़क निर्माण में गुणवत्ता के मापदंडों का पालन हुआ है तो महज 10 से 15 दिनों में दरारें आने की वजह क्या है? क्या निर्माण कार्य का अधिकारियों ने नियमित निरीक्षण किया था? क्या सड़क की गुणवत्ता की जांच कराई गई थी? यदि जांच हुई है तो उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक क्यों नहीं की जा रही है?

ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा देने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में यदि निर्माण के कुछ दिनों बाद ही दरारें आने लगें, तो यह केवल ठेकेदार की कार्यप्रणाली ही नहीं, बल्कि विभागीय निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में संज्ञान लेकर जांच कराता है और जिम्मेदारों पर कार्रवाई करता है या फिर ग्रामीणों की यह शिकायत भी सरकारी फाइलों तक ही सीमित रह जाती है।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई