इंडोर स्टेडियम में सुबह 10 बजे से शुरू होगा उत्सव, विजेताओं को मिलेगा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने का अवसर
थानेश्वर बंजारे
गरियाबंद-: जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा और रचनात्मक कौशल प्रदर्शित करने का अवसर देने के उद्देश्य से 20 नवम्बर को जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे इंडोर स्टेडियम स्थित बैडमिंटन हॉल में शुरू होगा।
युवा उत्सव में विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, लोक नृत्य, लोक गीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, रील निर्माण और पारंपरिक वेशभूषा सहित विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से जिले के युवा अपनी कला, संस्कृति, विचारों और रचनात्मकता का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिताओं के लिए अलग-अलग विधाओं में प्रतिभागियों की संख्या निर्धारित की गई है। विकसित भारत चैलेंज ट्रैक में 6 सदस्य, लोक नृत्य एवं लोकगीत में 7-7 सदस्य तथा इनके साथ 3-3 संगतकार शामिल हो सकेंगे। चित्रकला और कविता लेखन में 2-2 विजेता प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। कविता लेखन के लिए अधिकतम 90 मिनट का समय मिलेगा। प्रतिभागी हिंदी, अंग्रेजी अथवा किसी भारतीय क्षेत्रीय भाषा में कविता लिख सकेंगे।
वहीं नुक्कड़ नाटक में अधिकतम 10 सदस्य शामिल हो सकेंगे। रील निर्माण प्रतियोगिता में प्रतिभागी अधिकतम 60 सेकंड की एक मौलिक रील प्रस्तुत कर सकेंगे। इसके लिए ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित छत्तीसगढ़’ थीम निर्धारित की गई है। पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और पारंपरिक पहनावे की झलक देखने को मिलेगी।
आयोजन में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों की आयु 15 से 29 वर्ष तथा संगतकारों की आयु 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। रॉक बैंड विधा का आयोजन जिला स्तर पर नहीं, बल्कि सीधे राज्य स्तरीय युवा उत्सव में किया जाएगा, जिसमें अधिकतम 10 सदस्य शामिल हो सकेंगे।
जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। साथ ही निर्धारित नियमों के अनुसार उन्हें राज्य स्तरीय युवा उत्सव में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। युवा उत्सव के जरिए जिले की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और अपनी कला को राज्य स्तर पर पहचान दिलाने का मंच मिलेगा।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com




