शिक्षक से अभद्र भाषा में बात करने का आरोप, BEO कार्यालय छुरा का लिपिक विवादों में
दिवंगत पिता पर कथित टिप्पणी से आहत शिक्षक ने DEO से की शिकायत, कॉल रिकॉर्डिंग होने का दावा; लिपिक के निलंबन की मांग
गरियाबंद-: शिक्षा विभाग के विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय छुरा में पदस्थ लिपिक दिनेश साहू पर एक शिक्षक के साथ अभद्र व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगा है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पक्तियां में पदस्थ शिक्षक विकास मिश्रा ने आरोप लगाया है कि वेतन एवं चिकित्सा अवकाश के संबंध में बातचीत के दौरान लिपिक ने उनके साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया और उनके दिवंगत पिता को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की। मामले को लेकर शिक्षक ने जिला शिक्षा अधिकारी गरियाबंद को लिखित शिकायत सौंपकर संबंधित लिपिक के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई और निलंबन की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को लिपिक दिनेश साहू ने अपने व्यक्तिगत मोबाइल नंबर से शिक्षक विकास मिश्रा को फोन किया था। बातचीत के दौरान चिकित्सा अवकाश एवं वेतन संबंधी विषय पर चर्चा हुई। इसी बीच शिक्षक द्वारा फोन किए जाने का कारण पूछने पर कथित रूप से लिपिक ने कहा कि “मैं सब जानता हूं, तुम्हारे आका कौन हैं।” इस पर शिक्षक ने जब पूछा कि उनके आका कौन हैं, तो आरोप है कि जवाब में कहा गया—”तेरा बाप।”
शिक्षक का कहना है कि उनके पिता का निधन हो चुका है। ऐसे में उनके दिवंगत पिता को लेकर की गई कथित टिप्पणी से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। शिक्षक ने दावा किया है कि बातचीत की पूरी कॉल रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है, जिसे जांच के दौरान साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया जा सकता है।
इस घटना के बाद शिक्षक ने जिला शिक्षा अधिकारी के समक्ष शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित लिपिक से जवाब-तलब करने और आरोप प्रमाणित होने पर निलंबन सहित कठोर विभागीय कार्रवाई करने की मांग की है।
मामले ने शिक्षा विभाग में कर्मचारियों के बीच आपसी व्यवहार और कार्यालयीन मर्यादा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब यह देखना होगा कि जिला शिक्षा अधिकारी शिकायत पर क्या संज्ञान लेते हैं और जांच के बाद संबंधित लिपिक के विरुद्ध क्या कार्रवाई की जाती है। हालांकि, इस मामले में संबंधित लिपिक का पक्ष सामने आना और विभागीय जांच के निष्कर्ष भी महत्वपूर्ण होंगे।
Author: थनेश्वर बंजारे
Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com



