जतमई लॉज में सजा था जुए का फड़, पुलिस ने मारी दबिश; 5 जुआरी रंगे हाथ गिरफ्तार

SHARE:

जतमई लॉज में सजा था जुए का फड़, पुलिस ने मारी दबिश; 5 जुआरी रंगे हाथ गिरफ्तार

20,400 रुपए नकद और ताश की गड्डी जब्त, लॉज के कमरे में चल रहा था हार-जीत का दांव

गरियाबंद /पांडुका-:गरियाबंद जिले के पांडुका स्थित जतमई लॉज में चल रहे जुआ फड़ पर पुलिस ने दबिश देकर पांच आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से जुए में दांव पर लगी और आरोपियों के पास से कुल 20 हजार 400 रुपए नकद तथा 52 पत्तों की ताश की गड्डी जब्त की है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार 19 सितंबर को उपनिरीक्षक चिंताराम देशमुख को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जतमई लॉज के एक कमरे में कुछ लोग संगठित होकर रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के बाद एसडीओपी से अनुमति लेकर पांडुका पुलिस की टीम ने लॉज में दबिश दी। पुलिस को देखकर कुछ संदिग्ध पीछे के दरवाजे से भागने में सफल रहे, जबकि हॉल से लगे कमरे की घेराबंदी कर पुलिस ने पांच जुआरियों को पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्ष्मीनारायण उर्फ लक्की सेन (30), सुरेश साहू (33), पुरुषोत्तम पटेल (35) निवासी कोपरा, लीलाराम साहू (40) निवासी पांडुका और सोहन लाल साहू (27) निवासी सुरसाबांधा, राजिम के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान लक्ष्मीनारायण से कुल 3,800 रुपए, सुरेश साहू से 4,500 रुपए, पुरुषोत्तम पटेल से 4,700 रुपए, लीलाराम साहू से 3,800 रुपए और सोहन लाल साहू से 3,600 रुपए बरामद हुए। पुलिस ने सभी रकम को जब्त कर ताश की गड्डी भी कब्जे में ले ली।

पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा जुआ खेलने के संबंध में कोई वैध लाइसेंस अथवा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। मामले में पांडुका पुलिस ने छत्तीसगढ़ राज्य जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2), बीएनएस की धारा 112(2) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment