घटारानी में उतरेगा छत्तीसगढ़ी सिनेमा का रंग, ‘मयारू भौजी-3’ की शूटिंग से चमकेगी फुलझर की वादियां

SHARE:

घटारानी में उतरेगा छत्तीसगढ़ी सिनेमा का रंग, ‘मयारू भौजी-3’ की शूटिंग से चमकेगी फुलझर की वादियां

25 से 27 सितंबर तक जुटेगी स्टार कास्ट, मन कुरैशी-आस्था शर्मा संग सुनील सोनी और अलका चंद्राकर भी पहुंचेंगे घटारानी

गरियाबंद /घटारानी -:छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल घटारानी की खूबसूरत वादियां अब बड़े पर्दे पर नजर आएंगी। मोहन सुंदरानी प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही चर्चित छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘मयारू भौजी-3’ की शूटिंग आगामी 25, 26 और 27 सितंबर को घटारानी में होगी। फिल्म की शूटिंग को लेकर प्रोडक्शन टीम ने घटारानी मंदिर ट्रस्ट से विधिवत अनुमति भी प्राप्त कर ली है।

निर्माता मोहन सुंदरानी के करीबी मित्र योगेश्वर साहू फुलझर-घटारानी वाले ने बताया कि तीन दिनों तक फिल्म की पूरी टीम घटारानी में मौजूद रहेगी। फिल्म के कई महत्वपूर्ण दृश्यों के साथ गीतों की शूटिंग भी यहां के प्राकृतिक सौंदर्य के बीच की जाएगी। घटारानी के झरने, जंगल और मनमोहक वादियां फिल्म के दृश्यों में दिखाई देंगी।

एक साथ नजर आएंगे छत्तीसगढ़ी सिनेमा के कई बड़े चेहरे

शूटिंग के दौरान निर्माता मोहन सुंदरानी, सह-निर्माता हितेश सुंदरानी एवं निखिल सुंदरानी मौजूद रहेंगे। फिल्म के निर्देशक उत्तम तिवारी अपनी टीम के साथ शूटिंग की कमान संभालेंगे।

फिल्म के मुख्य अभिनेता मन कुरैशी और अभिनेत्री आस्था शर्मा घटारानी में अपने अहम दृश्यों की शूटिंग करेंगे। वहीं छत्तीसगढ़ी सिनेमा के जाने-माने कलाकार हिरमण्य दास भी शूटिंग का हिस्सा होंगे।

सुनील सोनी और अलका चंद्राकर भी पहुंचेंगे घटारानी

फिल्म की शूटिंग का सबसे खास आकर्षण प्रदेश के लोकप्रिय गायक सुनील सोनी और सुप्रसिद्ध गायिका अलका चंद्राकर की मौजूदगी होगी। दोनों कलाकार अपने गीतों की शूटिंग के लिए घटारानी पहुंचेंगे। फिल्म के कुछ रोमांटिक और पारिवारिक गीतों को घटारानी के झरनों और घने जंगलों के बीच फिल्माए जाने की तैयारी है।

फिल्मी पर्दे पर दिखेगी फुलझर-घटारानी की खूबसूरती

योगेश्वर साहू ने कहा कि फुलझर-घटारानी अंचल की प्राकृतिक खूबसूरती को बड़े पर्दे पर स्थान मिलना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। फिल्म के जरिए घटारानी की खूबसूरती व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंच सकती है, जिससे स्थानीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

‘मयारू भौजी-3’ की शूटिंग की खबर से फुलझर, फिंगेश्वर और घटारानी क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। 25 से 27 सितंबर तक फिल्मी सितारों की मौजूदगी यहां आकर्षण का बड़ा केंद्र रहने वाली है।

थनेश्वर बंजारे
Author: थनेश्वर बंजारे

Dist :- Gariyaband Phone No. :- 7067148964 Gmail :- Banjarethaneshwar544@gmail.com

Author

Leave a Comment